
जेईई मेन सेशन-1 में शामिल हुए 13 लाख से अधिक छात्रों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। रिजल्ट के साथ ही एनटीए की ओर से पर्सेंटाइल एवं परीक्षा में टॉप करने वाले स्टूडेंट्स की लिस्ट भी जारी की गई है। अब छात्र jeemain.nta.nic.in पर लॉगिन कर सकते हैं, अपने स्कोरकार्ड को डाउनलोड कर सकते हैं और अपने प्रदर्शन की पूरी जानकारी देख सकते हैं। इससे आईआईटी, एनआईटी और अन्य इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिले की प्रक्रिया के लिए उन्हें आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सकेगी।
इस बार जेईई मेन परीक्षा में कुल 12 अभ्यर्थियों ने 100 पर्सेंटाइल स्कोर हासिल किया है। इसका मतलब है कि इन छात्रों ने परीक्षा में सर्वाधिक संभव अंक प्राप्त किए हैं। पेपर-1 (बीई/बीटेक) में 12 उम्मीदवारों ने 100 एनटीए स्कोर प्राप्त किया, जिनमें दिल्ली से श्रेयस मिश्रा, आंध्र प्रदेश से नरेंद्रबाबू गारी महित और पसाला मोहिथ, बिहार से शुभम कुमार, राजस्थान से कबीर छिल्लर, चिरंजीब कर और अर्नव गौतम, ओडिशा से भावेश पात्रा, हरियाणा से अनय जैन, महाराष्ट्र से माधव विराडिया, गुजरात से पुरोहित निमय और तेलंगाना से विवान शरद महिस्वारी शामिल हैं।
JEE Main 2026 का पहला सेशन जनवरी में आयोजित किया गया था। B.E./B.Tech के पेपर 21 जनवरी से 29 जनवरी तक 10 शिफ्ट्स में लिए गए थे, जबकि B.Arch और B.Planning के पेपर-2 29 जनवरी को आयोजित किए गए थे।
जेईई मेन में कोई तय पासिंग मार्क्स नहीं होते। उम्मीदवारों की योग्यता कट-ऑफ पर्सेंटाइल के आधार पर तय की जाती है। जेईई मेन में दाखिले के लिए जेईई मेन की क्वालिफाइंग पर्सेंटाइल फाइनल आंसर-की के आधार पर निर्धारित की जाती है। रॉ मार्क्स केवल योग्यता तय नहीं करते।
फाइनल आंसर-की से कैलकुलेट किए गए स्कोर और नॉर्मलाइजेशन के जरिए पर्सेंटाइल स्कोर तैयार किया जाता है, जिससे अलग-अलग शिफ्ट में परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए निष्पक्षता बनी रहती है।
JEE Main 2026: सेशन-1 और सेशन-2 की प्रमुख तिथियां
जेईई मेन 2026 सेशन-1 परीक्षा 21, 22, 23, 24, 28 और 29 जनवरी को आयोजित की गई थी। एनटीए द्वारा सेशन-1 का रिजल्ट 16 फरवरी को घोषित किया गया। इससे पहले 16 फरवरी, 2026 को ही एनटीए ने जेईई मेन सेशन-1 की अंतिम उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की। सत्र-1 की फाइनल आंसर-की से 9 प्रश्न हटा दिए गए थे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रवेश परीक्षा की अनंतिम उत्तर कुंजी 4 फरवरी को जारी की गई थी। उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in के माध्यम से 6 फरवरी तक प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क देकर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया था।
जो छात्र सेशन-1 में अपनी रैंक से संतुष्ट नहीं हैं, वे सेशन-2 के लिए आवेदन कर सकते हैं। सेशन-2 के आवेदन भरने की अंतिम तिथि 25 फरवरी 2026 है, जबकि परीक्षा 2 अप्रैल से 9 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी।
ऐसे देखें रिजल्ट
– सबसे पहले आप आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं।
– होमपेज के LATEST NEWS सेक्शन में सेशन-1 रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें।
– एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और कैप्चा कोड भरकर लॉगिन करें।
– रिजल्ट स्क्रीन पर आपका रिजल्ट ओपन होगा।
– यहां से आप स्कोरकार्ड भी डाउनलोड कर सकते हैं।




Add comment