
संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE Main 2026) सत्र-1 के पेपर-1 (बीई/बीटेक) का परिणाम जारी कर दिया गया है। इस बार कुल 12 अभ्यर्थियों ने 100 एनटीए स्कोर यानी 100 पर्सेंटाइल हासिल करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान से सबसे अधिक तीन छात्र और आंध्र प्रदेश से दो छात्र इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हुए हैं।
परिणामों के साथ नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सभी श्रेणियों के टॉपर्स की विस्तृत सूची भी जारी की है, जिसमें अलग-अलग कैटेगरी में सर्वाधिक पर्सेंटाइल स्कोर करने वाले अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं।
100 पर्सेंटाइल पाने वाले 12 अभ्यर्थी
इस साल जिन 12 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किया है, उनके नाम और राज्य इस प्रकार हैं— दिल्ली (एनसीटी) के श्रेयस मिश्रा, आंध्र प्रदेश के नरेंद्रबाबू गारी महित और पसाला मोहिथ, बिहार के शुभम कुमार, राजस्थान के कबीर छिल्लर, चिरंजीब कर और अर्नव गौतम, ओडिशा के भावेश पात्रा, हरियाणा के अनय जैन, महाराष्ट्र के माधव विराडिया, गुजरात के पुरोहित निमय और तेलंगाना के विवान शरद महिस्वारी।
सामान्य श्रेणी का दबदबा
टॉपर सूची पर इस बार सामान्य श्रेणी का स्पष्ट दबदबा रहा। 100 पर्सेंटाइल हासिल करने वाले 12 अभ्यर्थियों में से 11 सामान्य श्रेणी से हैं, जबकि एक अभ्यर्थी ओबीसी कैटेगरी से आता है। जनरल कैटेगरी में वही 11 छात्र शामिल हैं जिन्होंने ओवरऑल 100 एनटीए स्कोर प्राप्त किया।
श्रेणीवार टॉपर सूची जारी
एनटीए ने अलग-अलग आरक्षित श्रेणियों के टॉपर्स की सूची भी प्रकाशित की है। इनमें Gen-EWS, OBC-NCL, SC, ST और PwBD कैटेगरी में सर्वोच्च स्कोर करने वाले छात्रों के नाम और उनके एनटीए स्कोर शामिल हैं। Gen-EWS में श्रेष्ठ जसोरिया ने 99.9992442 स्कोर हासिल किया, OBC-NCL में नरेंद्रबाबू गारी महित ने 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किया, SC कैटेगरी में देवा श्रीवेद 99.9992271 स्कोर के साथ शीर्ष पर रहे, ST श्रेणी में दक्ष सेहरा ने 99.9938620 स्कोर हासिल किया, और PwBD में अर्श जैन 99.9100843 स्कोर के साथ प्रथम स्थान पर रहे।
जेंडर वाइज प्रदर्शन
पुरुष वर्ग में वही 12 अभ्यर्थी शामिल हैं जिन्होंने कुल मिलाकर 100 पर्सेंटाइल हासिल किया है। वहीं, महिला वर्ग में हरियाणा की आशी ग्रेवाल ने 99.9969766 एनटीए स्कोर के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
68 अभ्यर्थियों का परिणाम रोका गया
एनटीए ने जानकारी दी है कि 68 छात्रों का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है। इन मामलों में या तो अनुचित साधनों के उपयोग की आशंका पाई गई है या फिर पहचान सत्यापन में गड़बड़ी मिली है। जांच पूरी होने के बाद ही इन अभ्यर्थियों का परिणाम जारी किया जाएगा।




Add comment