
इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी दिल्ली (IIIT-Delhi) ने समर इंटर्नशिप प्रोग्राम 2026 के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। यह मौका उन छात्रों के लिए खास है, जो गर्मियों की छुट्टियों को सिर्फ ब्रेक नहीं, बल्कि करियर के लिए मजबूत कदम बनाना चाहते हैं। इंटर्नशिप की शुरुआत 11 मई 2026 से होगी और इसके लिए UG और PG दोनों श्रेणी के छात्र आवेदन कर सकते हैं।
इस बार प्रोग्राम में टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, हेल्थकेयर, नैनो-डिवाइसेस और इंटरडिसिप्लिनरी रिसर्च जैसे हाई-इम्पैक्ट क्षेत्रों में प्रोजेक्ट शामिल किए गए हैं। चयनित छात्रों को हर महीने स्टाइपेंड भी मिलेगा, जिससे यह अवसर और मूल्यवान बन जाता है।
आवेदन की मुख्य तिथियाँ
संस्थान की ओर से रजिस्ट्रेशन 18 फरवरी 2026 से शुरू हो चुका है। आवेदन की अंतिम तिथि 15 मार्च 2026 तय की गई है। चयनित छात्रों की सूची 15 अप्रैल 2026 को घोषित होगी और इंटर्नशिप 11 मई 2026 से शुरू होगी।
IIIT दिल्ली का इंटर्नशिप प्रोग्राम क्यों खास
IIIT दिल्ली हर साल ऐसे रिसर्च-ओरिएंटेड प्रोजेक्ट्स पर काम करता है जो सीधे उद्योग और समाज से जुड़े होते हैं। इस इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को विशेषज्ञ फैकल्टी के साथ काम करने का अवसर, एडवांस्ड लैब्स तक पहुंच, और इंटरडिसिप्लिनरी एक्सपोजर मिलता है। यही अनुभव आगे उच्च शिक्षा और पीएचडी के लिए प्रोफाइल को मजबूत बनाता है।
कौन कर सकता है आवेदन
किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान में पढ़ रहे अंडरग्रेजुएट और पोस्ट-ग्रेजुएट छात्र इसके लिए पात्र हैं। अच्छी अकादमिक परफॉर्मेंस और रिसर्च में रुचि रखने वाले छात्र तीन तक प्रोजेक्ट्स के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया
आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन है।
आधिकारिक लिंक — https://iiitd.ac.in/placement/summer-internships
इस पर जाकर रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरें, आवश्यकता हो तो हॉस्टल का विकल्प चुनें और अपनी पसंद के प्रोजेक्ट पर ‘Apply’ करें। सभी विवरण भरने के बाद फॉर्म सबमिट करें और आपका आवेदन पूरा हो जाएगा।
समर इंटर्नशिप 2026 के प्रमुख प्रोजेक्ट
इस साल के प्रोजेक्ट टेक-ड्रिवन और एडवांस्ड रिसर्च आधारित हैं। इनमें शामिल हैं—
Bayesian Persuasion, AI-native Wireless Networks, Oral Healthcare Products Design, Biologically Inspired Design Cognition, Dielectric Metasurfaces, AI in Education (K-12), Human Cell Data-set Explorer, Autonomous Indoor UAVs, Magnetic Tunnel Junction Neural Networks, Multi-robot Planning, Charging Station Placement (NP-hardness Handling) और SAFE-Hospitals (AI-based Drug Interaction Flagging)।
इनकी अवधि 2 से 6 महीने तक है।
इंटर्नशिप में मिलने वाले लाभ
चुने गए छात्रों को 5,000 रुपये मासिक स्टाइपेंड, हॉस्टल सुविधा (यदि जरूरत हो) और रिसर्च सर्टिफिकेट मिलता है। कई प्रोजेक्ट्स में पब्लिकेशन का अवसर भी दिया जाता है, जो आगे की अकादमिक यात्रा को मजबूत बनाता है।




Add comment