
अगर आपका बच्चा अंतरिक्ष, रॉकेट या विज्ञान की दुनिया को लेकर उत्सुक है, तो उसके लिए इस साल एक खास मौका आया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अपने बहुप्रतीक्षित युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम YUVIKA 2026 की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह कार्यक्रम देशभर के कक्षा 9 के छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और उनके वास्तविक जीवन में उपयोग की बुनियादी समझ देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम की खासियत यह है कि इसमें हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से सीमित संख्या में छात्रों का चयन किया जाता है, जिससे पूरे देश के बच्चों को समान अवसर मिल सके।
YUVIKA 2026: महत्वपूर्ण तिथियां
ISRO ने इस कार्यक्रम के लिए समयसीमा तय कर दी है। इच्छुक छात्र और अभिभावक इन तारीखों का ध्यान रखें:
कार्यक्रम की घोषणा: 20 फरवरी 2026
पंजीकरण शुरू: 27 फरवरी 2026
पंजीकरण की अंतिम तिथि: 31 मार्च 2026
प्रथम चयन सूची जारी: 13 अप्रैल 2026
रिक्तियों के आधार पर दूसरी सूची: 20 अप्रैल 2026
युविका प्रशिक्षण कार्यक्रम: 11 से 22 मई 2026
कौन कर सकता है आवेदन?
युविका 2026 के लिए वही छात्र पात्र हैं जो 1 जनवरी 2026 तक कक्षा 9 में अध्ययनरत हों और भारत के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में नामांकित हों। ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों के छात्रों को समान अवसर देने के लिए यह चयन देश भर के स्कूलों से किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया: किस आधार पर होगा सेलेक्शन?
YUVIKA 2026 में चयन पूरी तरह योग्यता और बहुआयामी मूल्यांकन पर आधारित है। ISRO ने हर मानदंड को अलग-अलग वेटेज दिया है:
कक्षा 8 या नवीनतम परीक्षा के अंक: 50%
ऑनलाइन क्विज में प्रदर्शन: 10%
विज्ञान मेले, प्रदर्शनी व सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ: 2–10%
विज्ञान/गणित ओलंपियाड जैसी उपलब्धियाँ: 2–5%
खेल प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन: 2–5%
स्काउट/गाइड्स, NCC, NSS की सदस्यता (पिछले 3 वर्ष): 5%
ग्रामीण विद्यालय (पंचायत क्षेत्र) के छात्र: अतिरिक्त 15% वेटेज
इस संरचना का उद्देश्य विविध प्रतिभाओं को मौके देना है, ताकि सिर्फ अकादमिक नहीं, बल्कि अन्य क्षेत्रों में सक्रिय छात्रों को भी अवसर मिल सके।
YUVIKA 2026 के लिए आवेदन कैसे करें?
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और इसे सरल रखा गया है:
सबसे पहले ISRO की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएँ।
वहाँ “YUVIKA 2026” टैब पर क्लिक करें।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा करें और मांगी गई सभी जानकारी भरें।
ज़रूरी दस्तावेज स्कैन कर अपलोड करें।
फॉर्म को सबमिट करने से पहले सभी प्रविष्टियों की दोबारा जांच कर लें।
आवेदन सबमिट होने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखें, ताकि भविष्य में ज़रूरत पड़ने पर इसका उपयोग किया जा सके।
बच्चों में विज्ञान की रुचि बढ़ाने का अनोखा मौका
ISRO का यह कार्यक्रम देश में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाता है। YUVIKA के माध्यम से छात्रों को रॉकेट प्रयोगशाला, सैटेलाइट सेंटर, स्पेस मिशन कंट्रोल जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों को नज़दीक से देखने और समझने का मौका मिलता है।
अगर आपका बच्चा विज्ञान या अंतरिक्ष से जुड़ा भविष्य बनाना चाहता है, तो YUVIKA 2026 निश्चित रूप से उसके लिए एक प्रेरक और करियर-निर्माण अनुभव साबित हो सकता है।




Add comment