
Indian Institute of Management Kozhikode (IIMK) ने अपने कोच्चि कैंपस में चार वर्षीय बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (ऑनर्स विद रिसर्च) प्रोग्राम के दूसरे बैच (2026–30) के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम 2025 में शुरू किया गया था और इसके पहले बैच में अगस्त 2025 में 114 छात्रों ने दाखिला लिया था।
संस्थान के अनुसार यह कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार किया गया है। चार साल के इस कोर्स को आठ सेमेस्टर में विभाजित किया गया है। इसमें मैनेजमेंट में मेजर के साथ-साथ इकोनॉमिक्स और पब्लिक पॉलिसी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग, साइकोलॉजी और बिहेवियरल साइंसेज, फाइनेंस और बिग डेटा, सेल्स और मार्केटिंग तथा लिबरल स्टडीज जैसे विषयों में माइनर चुनने का विकल्प दिया गया है।
कोर्स की संरचना में क्लासरूम पढ़ाई के साथ रिसर्च एक्सपोजर, इंटर्नशिप, एक्सचेंज सेमेस्टर और कॉरपोरेट एक्सेस रेडीनेस एंड एंगेजमेंट पहल के तहत मेंटरिंग सपोर्ट शामिल है। संस्थान का कहना है कि इसका उद्देश्य छात्रों को शुरुआती स्तर से ही मैनेजमेंट शिक्षा में मजबूत आधार देना है।
संस्थान के निदेशक देबाशीष चटर्जी ने कहा कि यह अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम छात्रों को उनकी अकादमिक यात्रा के शुरुआती चरण में ही जोड़ने और उन्हें बहु-विषयक समझ के साथ नैतिक मूल्यों से सशक्त बनाने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि पहले बैच को मिली प्रतिक्रिया से स्पष्ट है कि संरचित अंडरग्रेजुएट मैनेजमेंट शिक्षा में छात्रों की रुचि बढ़ रही है।
संस्थान की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक दूसरे बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और 15 अप्रैल 2026 तक चलेगी। IIMK BMS एप्टीट्यूड टेस्ट मई 2026 के पहले सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद जून 2026 के पहले सप्ताह में पर्सनल इंटरव्यू होंगे। नए बैच की कक्षाएं अगस्त 2026 के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है।
यह प्रोग्राम उन छात्रों के लिए है जो बिजनेस मैनेजमेंट, पब्लिक पॉलिसी, उद्यमिता, कंसल्टिंग और रिसर्च जैसे क्षेत्रों में करियर बनाना चाहते हैं। पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और चयन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।




Add comment