
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) के विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पदों पर भर्ती की घोषणा कर दी है। यह भर्ती विज्ञापन संख्या 02-चयन/2026 के तहत मुख्य परीक्षा (PET-2025)/03 के लिए की जा रही है। आयोग ने कुल 115 पदों पर नियुक्ति का नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसमें वैज्ञानिक सहायक, लेखाकार, विधि सहायक, कनिष्ठ अभियंता और अन्य तकनीकी पद शामिल हैं।
भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन 2 अप्रैल 2026 से शुरू होंगे और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 22 अप्रैल 2026 तय की गई है। उम्मीदवारों को सलाह है कि समय सीमा से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि किसी तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े।
नोटिफिकेशन के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करने और शुल्क मिलान की आखिरी तारीख 22 अप्रैल 2026 है, जबकि आवेदन में सुधार 29 अप्रैल 2026 तक किए जा सकेंगे। परीक्षा तिथि आयोग बाद में घोषित करेगा।
योग्यता की बात करें तो वैज्ञानिक सहायक के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से जीवविज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, जैव रसायन या पर्यावरण विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री अनिवार्य है। लेखाकार और लेखा परीक्षक पदों के लिए वाणिज्य स्नातक के साथ लेखांकन विषय और किसी सरकारी या अर्ध-सरकारी संस्था में एक वर्ष का अनुभव जरूरी होगा।
विधि सहायक पद के लिए उम्मीदवार के पास कानून में स्नातक डिग्री होनी चाहिए, साथ ही अधिवक्ता, वकील, बैरिस्टर या अटॉर्नी के रूप में कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना चाहिए। प्रयोगशाला सहायक और निगरानी सहायक के लिए यूपी बोर्ड या समकक्ष से विज्ञान विषय के साथ इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना अनिवार्य रखा गया है।
कनिष्ठ अभियंता पद के लिए उम्मीदवार ने लोक स्वास्थ्य, सिविल, रासायनिक या पर्यावरण इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया हो, तभी वह आवेदन के योग्य माना जाएगा।
इस भर्ती को राज्य में तकनीकी और पर्यावरण संबंधी सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आयोग ने उम्मीदवारों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले वे विस्तृत विज्ञापन ध्यान से पढ़ें और योग्यता मानकों की जांच कर लें।




Add comment