
हरियाणा महिला आयोग (Haryana State Commission for Women) की चेयरपर्सन रेनू भाटिया (Renu Bhatia) ने बॉलीवुड रैपर-सिंगर बादशाह (Badshah) के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश करते हुए उनका पासपोर्ट जब्त करने और तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। मामला उनके नए हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ (Tatiri) में कथित आपत्तिजनक शब्दों और अश्लील दृश्य सामग्री को लेकर बढ़े विवाद से जुड़ा है।
शुक्रवार को तय सुनवाई के दौरान बादशाह व्यक्तिगत रूप से आयोग के सामने पेश नहीं हुए। उनकी जगह तीन सदस्यीय कानूनी टीम पहुँची, जिसने अतिरिक्त समय की मांग की। इसे लेकर चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने नाराज़गी जताई और कहा कि आयोग के समन के बावजूद उपस्थित न होना “हरियाणा की बेटियों का अपमान” है। उन्होंने साफ कहा कि कलाकार को माफी मांगनी होगी, अन्यथा कड़ी कार्रवाई से छूट नहीं मिलेगी।
रेनू भाटिया ने कहा कि शिकायत में जिस तरह गीत के बोलों पर आपत्ति जताई गई है, वह बेहद गंभीर मामला है। उनके अनुसार, ऐसे शब्द महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं और हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान पर “कीचड़ उछालने” जैसे हैं। उन्होंने दोहराया कि चाहे बादशाह पेश हों या न हों, आयोग अपनी कार्रवाई आगे बढ़ाएगा।
उन्होंने चेतावनी भी दी कि तारीख लेकर बचने का रास्ता बंद होगा। जरूरत पड़ी तो आयोग नोटिस भेजने के साथ पासपोर्ट जब्त करने और विदेश यात्रा पर रोक लगाने की औपचारिक सिफारिश करेगा।
यह विवाद तब सामने आया जब पानीपत की सामाजिक कार्यकर्ता Savita Arya और Shiv Aarti India Foundation के निदेशक Shiv Kumar ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि हरियाणवी संस्कृति पर आधारित बताए जा रहे गीत ‘टटीरी’ में कुछ शब्द सामाजिक मर्यादा और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ हैं।
आयोग ने Panipat के पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं कि समन में नामजद सभी लोगों की सुनवाई के दौरान उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।




Add comment