
आदित्य धर की निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर’ (DhuranDhar) हाल ही में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता के साथ सामने आई। रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को जहां दर्शकों ने खूब सराहा, वहीं इसके कुछ पहलुओं पर आलोचना भी हुई। इसी बहस के बीच फिल्म का दूसरा हिस्सा, ‘धुरंधर 2’, 19 मार्च को रिलीज होने जा रहा है, जिसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
फिल्म पर आई आलोचनाओं में सबसे ज्यादा चर्चा प्रोफेसर और शिक्षाविद इरा भास्कर की टिप्पणी की हो रही है। वह स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) की मां हैं और सिनेमा पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। इरा भास्कर ने फिल्म की कहानी और इसमें दिखाए गए कुछ तत्वों पर चिंता जताई है।
इरा भास्कर ने एक्टिविस्ट हर्ष मंदर के यूट्यूब चैनल कारवां-ए-मोहब्बत पर बातचीत के दौरान फिल्म को लेकर अपने विचार रखे। इस चर्चा में Jawaharlal Nehru University के सेंटर फॉर पॉलिटिकल साइंस के असिस्टेंट प्रोफेसर हरीश वानखेड़े भी मौजूद थे। इरा भास्कर का मानना है कि फिल्म में एक समुदाय विशेष को हिंसक और पक्षपातपूर्ण ढंग से दिखाया गया है, जो वर्तमान भारतीय सिनेमा में बढ़ती वैचारिक खाई की ओर संकेत करता है।
चर्चा के दौरान उन्होंने फिल्म की तकनीक और निर्देशन की तारीफ भी की। उन्होंने Aditya Dhar को एक बेहतरीन फिल्ममेकर बताया और ‘धुरंधर’ को तकनीकी रूप से मजबूत फिल्म माना। हालांकि, उन्होंने यह सवाल उठाया कि क्या सिनेमाई तकनीक को फिल्म के वैचारिक संदेश से अलग देखा जा सकता है? उनका तर्क था कि कंटेंट में मौजूद स्टीरियोटाइप कैमरे की तकनीक से अलग नहीं किए जा सकते और समाज पर उनके प्रभाव को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
इरा भास्कर ने बातचीत में यह भी कहा कि ‘धुरंधर’ की सफलता इस बात का उदाहरण है कि वैचारिक रूप से प्रबल संदेश वाली फिल्में भी आज के दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो रही हैं। लेकिन, साथ ही उन्होंने फिल्म में मुसलमानों की प्रस्तुति को लेकर आपत्ति जताई और कहा कि ऐसे चित्रण कुछ गलत धारणाओं को और मजबूत करते हैं। इरा भास्कर इससे पहले भी भारतीय सिनेमा में स्टीरियोटाइप और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर शोध करती रही हैं। वह जेएनयू में सिनेमा स्टडीज की पूर्व असिस्टेंट प्रोफेसर रह चुकी हैं।
फिलहाल, ‘धुरंधर 2’ की रिलीज से पहले फिर एक बार फिल्म से जुड़ी बहस ने रफ्तार पकड़ ली है। देखने वाली बात होगी कि दूसरा भाग दर्शकों के बीच क्या प्रतिक्रिया लेकर आता है और क्या यह पहले हिस्से की सफलता को दोहरा पाता है।




Add comment