Edinbox Hindi

स्मार्ट वॉच ने कैसे बचाई महिला की जान

स्मार्ट वॉच (Smart Watch) के ढेर सारे फायदे गिनाये जाते हैं। लेकिन क्या आप विश्वास करेंगे कि इसने वक़्त पर एक महिला की मदद कर उसकी जान तक बचा दी ! जी हां, एट्रियल फाईब्रिलेशन यानी तेज और असामान्य ह्रदय गति से पीड़ित 35 वर्षीया स्नेहा सिन्हा को समय पर सचेत और उचित सलाह देकर स्मार्ट वॉच ने उनकी ज़िन्दगी बचा ली।
 
दरअसल, बीते 9 अप्रैल को स्नेहा को देर शाम तेज ह्रदय गति का अहसास हुआ, लेकिन उन्होंने इसे नज़रअंदाज़ कर दिया। बाद में थोड़ा असहज महसूस करने पर जैसा कि अक्सर लोग करते हैं, उन्होंने भी अपने सिरे से कुछ उपाय करने की कोशिश की ताकि थोड़ी रहत मिल जाए। स्नेहा ने गहरी सांस लेने के व्यायाम किये, पानी पीना शुरू किया लेकिन कोई ख़ास फ़र्क़ नहीं पड़ा। दिल की धड़कन तेज बनी रही।

ऐसे वक़्त में अचानक उक्त महिला को अपनी घडी की याद आयी, जो स्मार्ट वॉच थी। अपनी एप्पल स्मार्टवॉच (Apple Smart Watch) का उन्होंने इस्तेमाल किया, यह सोचकर कि ये ढेरों एडवांस फीचर्स से लैस होते हैं, शायद उनके ह्रदय गति के सम्बन्ध में इसकी मदद से कुछ ठोस जानकारी मिले। स्मार्ट वॉच ने उनकी ह्रदय गति 230 प्रति मिनट बताई जो उच्च ह्रदय गति थी। यह बताकर स्मार्ट वॉच ने स्नेहा को सचेत तो किया ही, यह भी सलाह दी कि उन्हें तत्काल डॉक्टर के पास जाना चाहिए। 

स्मार्ट वॉच की सलाह पर स्नेहा को तत्काल फोर्टिस अस्पताल (Fortis Hospital) की इमरजेंसी में ले जाया गया, जहाँ चिकित्सक उनके शरीर में रक्तचाप को नहीं पढ़ सके। ऐसी स्थिति में पीड़िता के ह्रदय की साइनस लय को पुनर्जीवित करने के लिए डायरेक्ट करंट (डीसी) झटके की तीन डिलीवरी देनी पड़ी। इसके बाद महिला को आईसीयू में भेज दिया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को टैचीकार्डिया का एक प्रकार बताया कि किसी भी कारण से ह्रदय गति में वृद्धि, जो व्यायाम या तनाव से शुरू हो सकती है। डॉक्टर्स ने भी ये बात मानी कि अगर महिला सचेत होकर समय पर चिकित्सा परामर्श के लिए नहीं पहुंची होती, तो शायद जान भी जा सकती थी।  

बहरहाल, समय पर डॉक्टर के पास जाने का सही फैसला महिला के लिए जान बचने का सबब बना। तभी अस्पताल से जब वह लौटीं, तो 23 अप्रैल को उन्होंने एप्पल कंपनी के सीईओ टिम कुक को एक मेल लिखकर इतना एडवांस और सटीक रिकॉर्डिंग ईसीजी ऐप बनाने के लिए आभार जताया। टिम कुक ने उनके मेल का जवाब भी दिया। कहा, हमें ख़ुशी है कि आपने मेडिकल चिकित्सा की मांग की। आपको ध्यान और उपचार की आवश्यकता है। अपनी कहानी हमारे साथ साझा करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed