
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने 10वीं (ICSE 10th) और 12वीं (ISC 12th) कक्षा के परिणाम आज घोषित कर दिए। छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट – cisce.org या results.cisce.org पर देख सकते हैं। इस साल आईसीएसई यानी 10वीं में 99.47% प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए, जबकि 12वीं यानी आईएससी में 98.19% छात्र उत्तीर्ण हुए। इस साल भी 10वीं, 12वीं के नतीजों में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया।
इस साल आईसीएसई की परीक्षा में कुल 2,43,617 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें 2,42,328 छात्र उत्तीर्ण हुए। यह कुल प्रतिभागी छात्रों का 99.47% प्रतिशत है। लड़कियों का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 99.65 रहा, जबकि 99.31 प्रतिशत लड़के उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं आईएससी के लिए 99,901 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 98088 छात्र यानी 98.19% उत्तीर्ण हुए। आईएससी परिणामों के अनुसार, लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 98.92% रहा। वहीं, लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 97.53% है।
गौरतलब है कि इस साल आईसीएसई की कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से 28 मार्च तक आयोजित की गईं थीं, वहीं 12वीं की परिक्षाएं 12 फरवरी से 2 अप्रैल तक आयोजित की गईं थीं। पिछले साल, परीक्षाएं 27 फरवरी से 29 मार्च के बीच आयोजित की गयी थीं और परिणाम 14 मई को घोषित किये गए थे। कक्षा 10 और कक्षा 12 दोनों में ही लड़कियों ने लड़कों की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया था। 10वीं आईसीएसई परीक्षा में 99.21 प्रतिशत लड़कियां उत्तीर्ण हुई थीं जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 98.71 रहा था। इसी तरह, 12वीं आईएससी परीक्षा में लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 98.01 रहा था जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 95.96 था।




Add comment