
गोवा बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन ने एसएससी (कक्षा 10वीं) परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट gbshse.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। बोर्ड ने परिणाम देखने के लिए डिजिटल लिंक भी सक्रिय कर दिए हैं, जिससे छात्र तुरंत अपना स्कोरकार्ड एक्सेस कर सकते हैं।
इस साल गोवा बोर्ड कक्षा 10वीं की परीक्षा में कुल 94.5 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं, जो पिछले साल से थोड़ा कम है। पिछले साल छात्रों का पासिंग प्रतिशत 95.3 फीसदी था। इस परीक्षा में लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। इस बार लड़कियों का पासिंग प्रतिशत 96.5 फीसदी है, जबकि लड़कों का पासिंग प्रतिशत 94.3 फीसदी है यानी कुल मिलाकर, 9,805 लड़कों और 9,414 लड़कियों ने परीक्षा पास की है। विशेष रूप से दिव्यांग (विशेष आवश्यकता वाले बच्चे) छात्रों का प्रदर्शन शानदार रहा। परीक्षा में शामिल कुल 550 दिव्यांग छात्रों में से 543 पास हो गए यानी उनका पासिंग प्रतिशत 98.7 फीसदी है।
इस वर्ष 11 मार्च से 3 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित हुई परीक्षा में कुल 20,659 पंजीकृत छात्रों ने हिस्सा लिया था। इनमें 10,819 लड़के और 9,840 लड़कियाँ शामिल हैं। इसके अलावा करीब 600 विशेष आवश्यकता वाले (CWSN) छात्रों ने भी परीक्षा दी।
ऑनलाइन ऐसे देखें डिजिटल स्कोरकार्ड
छात्रों को अपना रिजल्ट देखने के लिए कुछ जरूरी डिटेल्स अपने पास रखनी होंगी। इसमें सीट नंबर, स्कूल इंडेक्स नंबर और रजिस्ट्रेशन आईडी शामिल हैं। इन जानकारियों की मदद से छात्र आसानी से अपना डिजिटल स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं और किसी भी तरह की त्रुटि से बच सकते हैं।
डिजिलॉकर, उमंग और SMS से भी मिलेगा रिजल्ट
रिजल्ट जारी होने के साथ ही बोर्ड ने वैकल्पिक प्लेटफॉर्म भी उपलब्ध कराए हैं, ताकि वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक के कारण परेशानी न हो। छात्र DigiLocker, UMANG ऐप और एसएमएस सेवा के जरिए भी अपना परिणाम देख सकते हैं।
जो छात्र कक्षा 11 या किसी व्यावसायिक कोर्स में जल्दी एडमिशन लेना चाहते हैं, उनके लिए ऑनलाइन उपलब्ध रिजल्ट अस्थायी रूप से मान्य रहेगा। वहीं, स्कूलों के लिए समेकित परिणाम पत्रक 28 अप्रैल से डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।
छात्रों के लिए जरूरी अपडेट
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपने अंक और व्यक्तिगत जानकारी ध्यान से जांच लें। किसी भी तरह की गलती मिलने पर तुरंत अपने स्कूल या बोर्ड से संपर्क करें।
गोवा बोर्ड का यह रिजल्ट उन छात्रों के लिए अहम है जो आगे की पढ़ाई के लिए स्ट्रीम या कोर्स चुनने की तैयारी कर रहे हैं।
अगर कोई छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, तो वो जून (संभावित) में फीस देकर जीबीएसएचएसई पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है। वहीं, जो छात्र एक या दो विषयों में फेल हो जाते हैं, वो पूरक (कंपार्टमेंट) परीक्षाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं, जो आमतौर पर जून में आयोजित की जाती है।




Add comment