
National Testing Agency ने University Grants Commission राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा यानी UGC NET जून 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 मई 2026 रात 11:50 बजे तक ही खुली रहेगी। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
एनटीए के मुताबिक, उम्मीदवारों को सबसे पहले ऑनलाइन आवेदन पत्र सही जानकारी के साथ भरना होगा और निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करना जरूरी होगा। आवेदन पूरा होने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रखना भी आवश्यक है, क्योंकि आगे की प्रक्रिया में इसकी जरूरत पड़ सकती है।
एजेंसी ने साफ कहा है कि केवल उन्हीं अभ्यर्थियों का आवेदन मान्य माना जाएगा, जिन्होंने सफलतापूर्वक परीक्षा शुल्क जमा कर दिया होगा। फीस भुगतान के बिना आवेदन प्रक्रिया अधूरी मानी जाएगी और ऐसे फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
एनटीए ने उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म भरते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। एजेंसी के अनुसार, फीस जमा होने के बाद आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार का संशोधन करने का मौका नहीं दिया जाएगा। इसलिए नाम, माता-पिता का नाम, श्रेणी, PwD स्टेटस, स्क्राइब की आवश्यकता, चुना गया विषय और परीक्षा शहर जैसी जानकारियां भरते समय विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
UGC NET जून 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट UGC NET Official Website पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
इस बार परीक्षा 22 जून से 30 जून 2026 के बीच कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा कुल 85 विषयों के लिए होगी। परीक्षा शहर की जानकारी 10 जून तक जारी की जाएगी, जबकि एडमिट कार्ड 15 जून 2026 तक उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
इस बीच यूजीसी ने विषयों की सूची में कुछ नए विषय भी जोड़े हैं। मौजूदा विषयों में अब सांख्यिकी (Statistics) को शामिल किया गया है। वहीं अतिरिक्त विषयों की सूची में Forestry विषय जोड़ा गया है। इन दोनों विषयों का विस्तृत सिलेबस आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी नई जानकारी और अपडेट के लिए समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें, ताकि किसी महत्वपूर्ण सूचना से चूक न हो।




Add comment