Edinbox Hindi

Study In Abroad: जानिये, कैसे कर सकते हैं आप विदेश में पढ़ाई

विदेश जाकर पढ़ाई करना लगभग हर छात्र का एक सपना होता है। कारण, विदेश की यूनिवर्सिटीज बेहतरीन शिक्षा पर फोकस करती हैं। वे बेहतर कोर्स के साथ बेहतर करियर विकल्प भी उपलब्ध कराती हैं। लेकिन विदेश में पढ़ाई करना इतना आसान नहीं होता, इसके लिए कई तरह की तैयारियां करनी पड़ती हैं। हालांकि आज के दौर में विदेश में पढ़ाई करना उतना मुश्किल भी नहीं रहा जितना कि पहले हुआ करता था। अगर सही गाइडेंस और सही यूनिवर्सिटीज मिल जाएं, तो अपनी रूचि के कोर्स को विदेश में करना आसान हो जाता है। ऐसे में अगर आप भी विदेश में पढ़ने की योजना बना रहे हैं, तो आइए विस्तार से जानें कि इसके लिए आपको क्या-क्या तैयारियां करनी पड़ती हैं? कैसे की जा सकती है विदेश में पढाई? 

करियर सलाहकारों से बातचीत के आधार पर यहाँ आपके लिए उन स्टेप्स का उल्लेख किया जा रहा है जिसका अनुसरण कर आप विदेश में पढ़ाई के अपने सपने को आसान और साकार कर सकते हैं : 

1. कोर्स का चुनाव-  जिन छात्रों का लक्ष्य विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करना है, सबसे पहले तो उन्हें यह तय करना होता है कि वे किस कोर्स में एडमिशन लेना चाहते हैं। यह तय करने में छात्र अपनी दक्षता, अपनी रुचि को समझकर आगे बढ़ेंगे तो यह उनके लिए लाभकारी होगा, साथ ही इस मामले में किसी मार्गदर्शक की सलाह भी ली जा सकती है। इसमें इस बात का ध्यान भी रखना चाहिए कि वह कोर्स करियर के लिहाज से भी आपके लिए उत्तम है कि नहीं। 

2. यूनिवर्सिटी का चयन- एक बार जब आप यह तय कर लेते हैं कि आपको कौन सा कोर्स करना है, तो फिर बारी आती है सही यूनिवर्सिटी के चुनाव की। बाहर के कई देशों की यूनिवर्सिटी में आपको आपके चयन किये गए कोर्स को करने का विकल्प मिल सकता है। लिहाजा, तय करना होगा कि आप किस देश की यूनिवर्सिटी में कोर्स करना चाहते हैं। अपनी पसंद के देश में भी आपको यह देखना होगा कि वहां कौन-कौन सी यूनिवर्सिटी में यह कोर्स उपलब्ध है। आप यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर जाकर यह चेक कर सकते हैं। तत्पश्चात, आपको यूनिवर्सिटी फाइनल करने में वहां के जान-पहचान वाले पूर्व छात्र, करियर सलाहकार और प्रतिष्ठित एजेंसिओं की रैंकिंग से भी सहायता मिल सकती है। वैसे यूके, यूएसए, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, जर्मनी जैसे देश इस मामले में अग्रणी हैं यानी विदेश में पढाई के बेस्ट देश।         

3. छात्र वीजा के लिए आवेदन- विदेश में पढ़ाई के लिए छात्र वीजा अहम दस्तावेज होता है। छात्र वीजा एक आधिकारिक यात्रा दस्तावेज है, जिसमें आमतौर पर छात्र के पासपोर्ट पर मुहर लगाकर कानूनी रूप से विदेश में प्रवेश करने की अनुमति दी जाती है। विभिन्न देशों में वीजा के लिए अलग-अलग आवश्यकताएं होती हैं। इसलिए आपका पहला कदम संबंधित देश की दूतावास वेबसाइट से आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करना होना चाहिए। छात्र वीजा प्राप्त करने के लिए विश्वविद्यालय की समय-सीमा को ध्यान में रखना हितकर होगा। विभिन्न देशों के लिए छात्र वीजा कोर्स या आवेदक की अध्ययन अवधि के आधार पर अलग-अलग हो सकते हैं। छात्र वीजा की आवेदन प्रक्रिया आपके विश्वविद्यालय द्वारा आपको स्वीकृति पत्र देने के साथ शुरू होती है। एक बार स्वीकृति पत्र मिल जाने के बाद आप इसके लिए आवेदन प्रारंभ कर सकते हैं।

4. भाषा प्रवीणता संबंधी प्रमाण-पत्र- अधिकतर छात्र अंग्रेजी भाषी देशों में अध्ययन करने की योजना बनाते हैं, इसलिए सभी छात्रों को अंग्रेजी में लिखित और मौखिक संवाद के लिए प्रमाण-पत्र देना अनिवार्य होता है। यह आमतौर पर टीओईएफएल, आईईएलटीएस या पीटीई जैसे विभिन्न अंग्रेजी भाषा परीक्षणों में प्राप्त अंकों के आधार पर प्रदान किया जाता है।

5. स्कॉलरशिप्स की जानकारी- हर यूनिवर्सिटी, कॉलेज, कोर्स और जगह अनुसार आपको अलग स्कॉलरशिप्स का फायदा मिल सकता है। तो जिस यूनिवर्सिटी में पढ़ने का आपने निर्णय लिया है उसकी पॉलिसी और स्कॉलरशिप की डिटेल्स जान लें। इसके लिए आप यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर जाकर जानकारी हासिल कर सकते हैं। 

6. यूनिवर्सिटी में आवेदन- सारी जानकारी प्राप्त करने और सम्बंधित दस्तावेज की तैयारी के साथ यूनिवर्सिटी के आवेदन नियमों को पढ़ कर आवेदन करना भी ज़रूरी है। आखिर इसी के बाद तो आपकी विदेश जाने की प्रक्रिया शुरू होगी। तो आवेदन प्रक्रिया को ध्यान से पढ़ें : आपकी बैचलर डिग्री या मास्टर डिग्री अनुसार आपकी आवेदन करने की प्रक्रिया में अंतर मिल सकता है। आवेदन के पश्चात यूनिवर्सिटी आपको स्वीकृति देती है और आप वीजा की तैयारी करते हैं। 

7. रजिस्ट्रेशन के बाद- ऍप्लिकेशन प्रोसेस के बाद भी आपका काम खत्म नहीं हो जाता है। कई यूनिवर्सिटीज आपका एडमिशन सिर्फ आपके एंट्रेंस टेस्ट के आधार पर नहीं लेती। हो सकता है कि आपका इंटरव्यू या ग्रुप डिस्कशन हो जिसके बाद ही आपका एडमिशन प्रोसेस पूरा माना जा सकता है। तो इसका पता भी लगा लीजिये। 

अगर आपने उपरोक्त बातों को ढंग से  समझ कर उनपर अमल किया तो विदेश जाकर पढ़ने की आपकी चाह की राह आसान हो सकती है।

रईस अहमद 'लाली'

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed