
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने संयुक्त CSIR-UGC NET जून 2026 परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस परीक्षा का इंतजार कर रहे लाखों उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.nic.in पर जाकर विस्तृत नोटिफिकेशन डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा उन अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है जो जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) हासिल करना चाहते हैं या फिर विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में करियर बनाना चाहते हैं।
सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा हर साल दो बार जून और दिसंबर सत्र में आयोजित की जाती है। एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले नोटिफिकेशन में दी गई सभी जानकारियों को ध्यान से पढ़ लें, ताकि फॉर्म भरते समय किसी तरह की गलती न हो।
आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 27 मई 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 19 जून 2026 रात 11:50 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 20 जून 2026 तय की गई है। आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए करेक्शन विंडो 22 जून को खोली जाएगी और 23 जून 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
एनटीए द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक CSIR NET जून 2026 परीक्षा 17 और 18 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में दो शिफ्टों में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। परीक्षा की कुल अवधि 180 मिनट यानी तीन घंटे होगी। प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा।
इस परीक्षा के जरिए जूनियर रिसर्च फेलोशिप, असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता और पीएचडी प्रवेश के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। पात्रता की बात करें तो उम्मीदवार के पास साइंस विषय में मास्टर डिग्री होना जरूरी है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक और ओबीसी-एनसीएल, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी, थर्ड जेंडर और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं।
मास्टर डिग्री के अंतिम वर्ष में पढ़ाई कर रहे छात्र भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि उन्हें सीएसआईआर नेट का रिजल्ट घोषित होने के दो साल के भीतर अपनी डिग्री पूरी करनी होगी। वहीं चार वर्षीय ग्रेजुएशन डिग्री वाले उम्मीदवार न्यूनतम 75 प्रतिशत अंकों के साथ केवल JRF और पीएचडी के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसे उम्मीदवार असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता के लिए योग्य नहीं होंगे।
आयु सीमा की बात करें तो जूनियर रिसर्च फेलोशिप के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी। वहीं लेक्चरर, असिस्टेंट प्रोफेसर और केवल पीएचडी के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए कोई ऊपरी आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 1150 रुपये रखा गया है। सामान्य-ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल वर्ग के उम्मीदवारों को 600 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग और थर्ड जेंडर उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 325 रुपये निर्धारित किया गया है।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। परीक्षा शहर की सूचना पर्ची, एडमिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण अपडेट परीक्षा से पहले पोर्टल पर जारी किए जाएंगे।




Add comment