
NEET UG 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों उम्मीदवारों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा अपडेट जारी किया है। एजेंसी ने परीक्षा शुल्क वापसी के लिए बैंक खाते की जानकारी जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 22 जून 2026 कर दी है। यह फैसला उन छात्रों को राहत देने के लिए लिया गया है, जो अब तक अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट नहीं कर पाए थे।
दरअसल, NEET UG 2026 परीक्षा इस साल 3 मई को आयोजित की गई थी। हालांकि बाद में पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। इसके बाद एजेंसी ने 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की।
NTA पहले ही साफ कर चुका है कि री-एग्जाम के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। जिन उम्मीदवारों ने पहले परीक्षा शुल्क जमा किया था, उनकी फीस वापस की जाएगी। इसी प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों से बैंक खाते की जानकारी मांगी गई है।
पहले 26 मई थी अंतिम तारीख
NTA ने उम्मीदवारों को 22 मई से 26 मई तक NEET UG 2026 पोर्टल पर बैंक खाते की जानकारी जमा करने का मौका दिया था। लेकिन बड़ी संख्या में छात्र तय समय के भीतर यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके।
एजेंसी के अनुसार अब तक करीब 13 लाख उम्मीदवार अपनी बैंक डिटेल्स पोर्टल पर अपडेट कर चुके हैं। बाकी अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय देने के लिए अब यह सुविधा 22 जून 2026 रात 11:50 बजे तक बढ़ा दी गई है।
NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी सूचना में कहा कि जिन उम्मीदवारों ने अभी तक बैंक खाते की जानकारी जमा नहीं की है, वे आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर रिफंड लिंक के माध्यम से अपनी जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
कैंडिडेट्स को क्या करना होगा?
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे बैंक खाते की जानकारी बेहद सावधानी से भरें। जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए उम्मीदवार कैंसिल चेक भी अपलोड कर सकते हैं।
एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक बार बैंक डिटेल्स जमा होने के बाद उसमें किसी तरह का बदलाव करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए सभी जानकारी भरने से पहले अच्छी तरह जांच लेना जरूरी है।
21 जून को होगी दोबारा परीक्षा
इस वर्ष NEET UG 2026 के लिए करीब 23 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था। पेपर लीक मामले के बाद परीक्षा को लेकर छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है। वहीं NTA ने 21 जून को पुनर्परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया है। ऐसे में एजेंसी लगातार उम्मीदवारों को जरूरी अपडेट और दिशा-निर्देश जारी कर रही है।
छात्रों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और NTA की आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करें, ताकि किसी तरह की अफवाह या गलत जानकारी से बचा जा सके।




Add comment