
बिहार में पटना के दीघा स्थित प्राइवेट स्कूल के गटर में एक मासूम बच्चे की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। बच्चे की उम्र 7 साल बताई गयी है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल में ही बच्चे की हत्या कर उसकी लाश को स्कूल के नाले में फेंक दिया गया। वहीं, घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर भारी हंगामा किया। सड़कें जाम कर दी और स्कूल के अंदर घुसकर तोड़फोड़ की गयी। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के कई कमरों को आग के हवाले भी कर दिया। स्कूल की गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो उसे भी लोगों को समझाने-बुझाने और शांत करवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। लोगों की मांग है कि सभी हत्यारे की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए।
दरअसल, मामला पटना में दीघा थाना क्षेत्र के रामजी चक स्थित नामी स्कूल टिनी टोट एकेडमी (Tiny ToT Academy) का है। मृत बच्चे की पहचान दीघा के ही रामजी चक निवासी शैलेंद्र राय के पुत्र आयुष कुमार (7) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक आयुष गुरुवार की सुबह लगभग 6:00 बजे घर से स्कूल (टिनी टॉट एकेडमी) के लिए निकला था। क्लास खत्म होने के बाद वह वहां कोचिंग किया करता था। जब देर शाम तक आयुष घर नहीं लौटा तो उसके घर वालों ने स्कूल की प्राचार्या को फोन किया। जब प्राचार्य ने बच्चे के स्कूल में नहीं होने की बात कही तो परिजन स्कूल पहुंच गए। वहां स्कूल की गाड़ी के ड्राइवर ने बताया कि सुबह लगभग 6:30 बजे पर उसने सभी बच्चों को स्कूल पहुंचा दिया था। इसके बाद परिजनों ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, तो दोपहर 12 बजे के आसपास आयुष स्कूल में ही दिखा। लेकिन इसके बाद के सीसीटीवी फुटेज के कई शॉर्ट गायब मिले।
परिवार वालों ने आरोप लगाया कि उनके बच्चे की हत्या के बाद स्कूल के चेंबर में ही लाश को फेंक दिया गया। इसके बाद चैंबर ऊपर से बंद कर दिया गया है। उधर, इस खबर के फैलते ही शुक्रवार को लोगों का गुस्सा बढ़ गया। लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर दानापुर-गांधी मैदान मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। यातायात व्यवस्था बाधित होने से सुबह इस रास्ते गुजरने वालों लोगों, अन्य स्कूल के बच्चों और शिक्षकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुस्साए लोगों ने स्कूल में भी घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। स्कूल के कई कमरों में आग भी लगा दी। घटना के बाद स्कूल के सभी टीचर फरार हो गए।
वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाने की कोशिश की लेकिन सभी हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
लोगों का कहना था कि जब तक पुलिस बच्चे के हत्यारे को गिरफ्तार नहीं कर लेती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। स्कूल प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।




Add comment