
नकदी संकट के बीच सैलरी देने में देरी करने समेत कई मुद्दों से जूझ रही एडटेक फर्म बायजू (Byju’s) के सलाहकार बोर्ड के दो वरिष्ठ सदस्य- भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के पूर्व चेयरमैन रजनीश कुमार (Rajnish Kumar) और इन्फोसिस के पूर्व मुख्य वित्त अधिकारी मोहनदास पई (Mohandas Pai) ने पद छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने बायजू का संचालन करने वाली कंपनी थिंक एंड लर्न के संस्थापकों के साथ चर्चा के बाद यह फैसला लिया है।
कुमार और पई ने एक संयुक्त बयान में कहा, “सलाहकार के रूप में कंपनी के साथ हमारा जुड़ाव हमेशा एक वर्ष के लिए निश्चित अवधि के आधार पर होता है। संस्थापकों के साथ हमारी चर्चा के आधार पर, यह पारस्परिक रूप से निर्णय लिया गया कि सलाहकार परिषद का कार्यकाल नहीं बढ़ाया जाना चाहिए। हालांकि औपचारिक जुड़ाव समाप्त हो गया है, संस्थापक और कंपनी हमेशा किसी भी सलाह के लिए हमसे संपर्क कर सकते हैं। हम संस्थापकों और कंपनी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।”
गौरतलब है कि थिंक एंड लर्न ने जुलाई 2023 में एडटेक फर्म को संकट से बाहर आने और शासन में सुधार करने के लिए सलाह देने के उद्देश्य से सलाहकार परिषद का गठन किया था। रजनीश कुमार और मोहनदास पई का कंपनी के साथ संविदात्मक समझौता था जो 30 जून, 2024 को समाप्त होने वाला है। लेकिन रजनीश कुमार और मोहनदास पई ने 30 जून को समाप्त होने वाले एग्रीमेंट को रिन्यू नहीं करने का फैसला किया है।
इस बीच बायजू ब्रांड के मालिक थिंक एंड लर्न के संस्थापक रवींद्रन बायजू ने कहा कि रजनीश कुमार और मोहनदास पई ने पिछले एक साल में अमूल्य सहायता प्रदान की है। कुछ विदेशी निवेशकों की ओर से जारी मुकदमेबाजी के कारण हमारी योजनाओं में देरी हुई, लेकिन कंपनी के पुनर्निर्माण में उनकी सलाह पर भरोसा किया जाएगा, इसका मैं व्यक्तिगत रूप से नेतृत्व कर रहा हूं।
बता दें कि रवींद्रन बायजू ने कंपनी के पुनरुद्धार में देरी के लिए कुछ विदेशी निवेशकों को दोषी ठहराया। उनके रवैये के कारण कंपनी को पुनर्गठन से जुड़ी दिक्कतों, वित्तीय परिणामों में देरी और 200 मिलियन डॉलर शेयर बेचने से मना करने के कारण लिक्विडिटी संकट का सामना करना पड़ा।
हाल ही में बायजू का संचालन करने वाली कंपनी थिंक एंड लर्न ने पाठ्यक्रम सदस्यता शुल्क में 30-40 प्रतिशत की कटौती की थी। इसके साथ ही कंपनी ने बिक्री प्रोत्साहन को 50-100 प्रतिशत तक बढ़ा दिया था। रिपोर्ट्स के अनुसार बायजू लर्निंग ऐप की वार्षिक सदस्यता अब 12,000 रुपये (करों सहित) की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध है। वहीं बायजू क्लासेस और बायजू ट्यूशन सेंटर (बीटीसी) की पूरी कीमत समूचे साल के लिए क्रमशः 24,000 रुपये और 36,000 रुपये है।




Add comment