
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने उम्मीदवारों तक आधिकारिक सूचनाएं सीधे पहुंचाने के लिए अपना सत्यापित WhatsApp चैनल शुरू कर दिया है। एजेंसी का कहना है कि 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा (Re-Exam) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा, परीक्षा केंद्र और अन्य महत्वपूर्ण अपडेट अब इसी आधिकारिक WhatsApp चैनल के माध्यम से भेजे जाएंगे।
NTA के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य अभ्यर्थियों तक सही और समय पर जानकारी पहुंचाना, अफवाहों पर रोक लगाना और परीक्षा से पहले किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति को कम करना है।
केवल इसी नंबर से आएंगे आधिकारिक WhatsApp संदेश
NTA ने स्पष्ट किया है कि सभी आधिकारिक WhatsApp संदेश केवल उसके सत्यापित अकाउंट +91 7827980287 से भेजे जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि किसी भी संदेश पर भरोसा करने से पहले WhatsApp पर Blue Verified Tick और “National Testing Agency” नाम अवश्य जांच लें।
एजेंसी ने चेतावनी दी है कि यदि किसी नंबर पर ब्लू वेरिफिकेशन बैज नहीं है, तो उसे आधिकारिक NTA अकाउंट न माना जाए, चाहे उस पर NTA का नाम ही क्यों न लिखा हो।
केवल अपडेट मिलेंगे, जवाब नहीं भेज सकेंगे
NTA ने बताया कि उसका WhatsApp चैनल केवल ब्रॉडकास्ट सेवा के रूप में काम करेगा। यानी अभ्यर्थियों को जरूरी सूचनाएं प्राप्त होंगी, लेकिन वे उन संदेशों का जवाब नहीं दे पाएंगे। किसी भी प्रकार की सहायता या शिकायत के लिए उम्मीदवारों को NTA के आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करना होगा।
फर्जी मैसेज और साइबर ठगी से रहें सावधान
NTA ने उम्मीदवारों को साइबर अपराधियों और फर्जी संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी है। एजेंसी ने साफ किया है कि वह WhatsApp के माध्यम से कभी भी निम्नलिखित जानकारी या कार्रवाई की मांग नहीं करेगी—
- OTP (वन टाइम पासवर्ड)
- व्यक्तिगत या गोपनीय जानकारी
- किसी लिंक या QR कोड के जरिए भुगतान
- अनधिकृत स्रोत से प्रश्न पत्र या उत्तर कुंजी डाउनलोड करने के लिए
यदि कोई व्यक्ति या नंबर NTA के नाम पर ऐसी जानकारी मांगता है, तो उसे धोखाधड़ी का प्रयास माना जाए और उससे दूरी बनाए रखें।
री-एग्जाम के लिए नया एडमिट कार्ड अनिवार्य
NTA ने यह भी स्पष्ट किया है कि 21 जून 2026 को होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए नया एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है। 3 मई 2026 की परीक्षा के लिए जारी पुराना एडमिट कार्ड अब मान्य नहीं होगा।
उम्मीदवारों को केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट से ही नया एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। सोशल मीडिया, WhatsApp या अन्य प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए किसी भी लिंक पर क्लिक करने से बचने की अपील की गई है।
संदिग्ध संदेश मिलने पर तुरंत करें शिकायत
यदि किसी उम्मीदवार को NTA के नाम पर कोई संदिग्ध या फर्जी संदेश प्राप्त होता है, तो वह इसकी शिकायत सरकार के साइबर फ्रॉड रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म पर दर्ज कर सकता है।
अगर कोई उम्मीदवार ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने और साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
केवल आधिकारिक सूचना पर ही करें भरोसा
NTA ने दोहराया है कि वह WhatsApp, ईमेल, SMS या फोन कॉल के जरिए कभी भी प्रश्न पत्र, उत्तर कुंजी या किसी कथित ‘पेपर लीक’ सामग्री को साझा नहीं करता। उम्मीदवारों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी से बचें।
एजेंसी ने कहा है कि NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित कराई जाएगी तथा सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी हैं।




Add comment