
जब भी फीफा वर्ल्ड कप, क्रिकेट विश्व कप, ओलंपिक या किसी बड़े खेल टूर्नामेंट का प्रसारण होता है, तो दर्शकों का अनुभव केवल खिलाड़ियों के प्रदर्शन से ही नहीं, बल्कि कमेंट्री से भी खास बन जाता है। एक अच्छा स्पोर्ट्स कमेंटेटर मैच की हर छोटी-बड़ी घटना को इस तरह पेश करता है कि दर्शक खेल से लगातार जुड़े रहते हैं। यही वजह है कि आज स्पोर्ट्स कमेंट्री युवाओं के बीच तेजी से उभरते करियर विकल्पों में शामिल हो चुकी है।
यदि आप भी खेलों में रुचि रखते हैं और टीवी या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्पोर्ट्स कमेंटेटर या स्पोर्ट्स होस्ट बनना चाहते हैं, तो इसके लिए सही पढ़ाई, खेल की गहरी समझ और प्रभावी संवाद कौशल बेहद जरूरी हैं।
स्पोर्ट्स कमेंटेटर बनने के लिए क्या पढ़ाई करें?
स्पोर्ट्स कमेंटेटर बनने के लिए भारत में कोई अलग या अनिवार्य डिग्री नहीं है। हालांकि, अधिकांश मीडिया संस्थान और स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग कंपनियां मास कम्युनिकेशन, जर्नलिज्म या मीडिया स्टडीज की पढ़ाई करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता देती हैं।
12वीं के बाद छात्र निम्नलिखित कोर्स कर सकते हैं:
- बीए इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (BAJMC)
- बैचलर इन मास कम्युनिकेशन
- स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में डिप्लोमा या सर्टिफिकेट कोर्स
- मीडिया और ब्रॉडकास्टिंग से जुड़े प्रोफेशनल कोर्स
इन पाठ्यक्रमों के दौरान रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्ट लेखन, वॉइस मॉड्यूलेशन और लाइव ब्रॉडकास्ट जैसी कई जरूरी चीजें सिखाई जाती हैं, जो स्पोर्ट्स कमेंट्री में भी काम आती हैं।
सिर्फ डिग्री नहीं, ये स्किल्स भी हैं जरूरी
स्पोर्ट्स कमेंट्री केवल जानकारी देने का काम नहीं है, बल्कि दर्शकों को मैच से जोड़कर रखने की कला भी है। इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ कुछ जरूरी कौशल विकसित करना बेहद आवश्यक है।
सबसे पहले जिस खेल में आप कमेंट्री करना चाहते हैं, उसके नियम, इतिहास, रिकॉर्ड, खिलाड़ियों और टीमों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। मैच के दौरान कई बार आंकड़ों और पुराने रिकॉर्ड का जिक्र करना पड़ता है, इसलिए खेल की गहरी समझ जरूरी होती है।
इसके अलावा हिंदी और अंग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ होना बड़ा फायदा देता है। कई चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर द्विभाषी कमेंट्री की मांग लगातार बढ़ रही है।
एक सफल कमेंटेटर की आवाज स्पष्ट, प्रभावशाली और अभिव्यक्तिपूर्ण होनी चाहिए। सही उच्चारण, आत्मविश्वास, तेज सोच और लाइव परिस्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया देने की क्षमता भी इस पेशे की अहम जरूरत है।
अनुभव से बनती है पहचान
स्पोर्ट्स कमेंट्री में करियर की शुरुआत सीधे बड़े टूर्नामेंट से नहीं होती। अधिकांश कमेंटेटर पहले स्थानीय खेल प्रतियोगिताओं, स्कूल और कॉलेज टूर्नामेंट, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं या डिजिटल स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म पर काम करके अनुभव हासिल करते हैं।
इसके बाद क्षेत्रीय टीवी चैनलों, रेडियो, यूट्यूब स्पोर्ट्स चैनलों और स्पोर्ट्स प्रोडक्शन कंपनियों में अवसर मिलते हैं। लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में कमेंट्री करने का मौका भी मिल सकता है।
किन क्षेत्रों में मिल सकते हैं रोजगार?
स्पोर्ट्स कमेंटेटर बनने के बाद कई क्षेत्रों में करियर बनाया जा सकता है। इनमें प्रमुख हैं—
- स्पोर्ट्स टीवी चैनल
- रेडियो नेटवर्क
- ओटीटी और डिजिटल स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म
- यूट्यूब और ऑनलाइन स्पोर्ट्स मीडिया
- प्रोफेशनल स्पोर्ट्स लीग
- खेल आयोजनों की ब्रॉडकास्टिंग कंपनियां
इसके अलावा कई कमेंटेटर फ्रीलांस आधार पर भी विभिन्न खेल आयोजनों में अपनी सेवाएं देते हैं।
क्या है इस करियर का भविष्य?
भारत में खेलों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। क्रिकेट के साथ-साथ फुटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, टेनिस और अन्य खेलों के प्रसारण में भी तेजी आई है। डिजिटल प्लेटफॉर्म और क्षेत्रीय भाषाओं में स्पोर्ट्स कंटेंट की बढ़ती मांग के कारण प्रशिक्षित स्पोर्ट्स कमेंटेटर और स्पोर्ट्स एंकर की जरूरत पहले से अधिक हो गई है।
यदि किसी उम्मीदवार के पास खेल की गहरी जानकारी, प्रभावी संवाद शैली और लगातार सीखने का जज्बा है, तो स्पोर्ट्स कमेंट्री मीडिया इंडस्ट्री में एक मजबूत और लंबे समय तक चलने वाला करियर साबित हो सकता है।




Add comment