
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश (AIIMS Rishikesh) इन दिनों सुर्ख़ियों में है। हाल ही में एम्स ऋषिकेश के दो डॉक्टरों को एमडी परीक्षा में नकल कराने के आरोप में अरेस्ट किया गया था, अब एक नर्सिंग ऑफिसर (Nursing officer) को महिला डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह मामला 19 मई की शाम का है। पीड़ित डॉक्टर की पुलिस को दी गयी लिखित तहरीर के मुताबिक एम्स ऋषिकेश के ऑपरेशन थिएटर में नर्सिंग ऑफिसर सतीश कुमार ने महिला डॉक्टर के साथ उस वक्त छेड़छाड़ की, जब सर्जरी चल रही थी। कोतवाली में दी तहरीर में पीड़ित डॉक्टर ने कहा कि 19 मई को ट्रॉमा ओटी कॉम्प्लेक्स एम्स में नर्सिंग ऑफिसर सतीश कुमार ने उनके साथ शारीरिक उत्पीड़न किया और धमकी दी। आरोपी द्वारा महिला डॉक्टर को अश्लील एसएमएस भी भेजे जाने की बात कही गयी है।
घटना के विरोध में एम्स के डॉक्टरों ने हड़ताल कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की और डीन कार्यालय का घेराव किया। महिला डॉक्टर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे हिरासत में ले लिया। हालात को देखते हुए पुलिस को इमरजेंसी वार्ड के भीतर से वाहन को निकालना पड़ा।
पुलिस का कहना है कि आरोपी नर्सिंग ऑफिसर सतीश कुमार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मामले का संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने भी एम्स प्रशासन से मुलाकात कर मामले में जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, इसके साथ ही एक कमेटी बनाने को कहा है।




Add comment