
सरकारी कर्मी होकर राजनीतिक दल का प्रचार करना चार शिक्षकों पर भारी पड़ा। के आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है।
बिहार के बगहा में चुनाव आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में चार शिक्षकों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) के आदेश पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा पटखौली थाना को दिए गए आवेदन के आधार पर इन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। आवेदन में कहा गया है कि ये चारों शिक्षक वाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र के राजद प्रत्याशी के साथ चुनाव प्रचार में देखे गए हैं।
गौरतलब है कि डीपीओ योगेश कुमार ने बगहा दो प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को पत्र जारी कर कहा था कि बगहा दो प्रखंड के चार शिक्षकों ने आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए चुनाव प्रचार किया है। इस पत्र में उन्होंने बताया था कि बगहा दो प्रखंड के विभिन्न स्कूलों के चार शिक्षकों ने वाल्मीकिनगर के एक प्रत्याशी के साथ फोटो खिंचवाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जो बिहार पंचायत प्रारंभिक शिक्षक सेवा नियमावली का उल्लंघन है।
इसके बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के सम्बंधित थाने में आवेदन पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में इन चार शिक्षकों पर कार्रवाई की गयी। इन शिक्षकों पर संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज हो गयी है और जांच की जा रही है। जिन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है, उनमें राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय पैकवालिया बाजार के शिक्षक संजय कुमार, राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिपरा धीरौली के शिक्षक भोलानाथ यादव, राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय मिश्रौली के शिक्षक राम विनोद पासवान और राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बांसगांव के शिक्षक सुनील कुमार शामिल हैं।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी फुदन राम का कहना है कि जिला प्रोग्राम पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में चिह्नित चारों शिक्षकों पर एफआईआर दर्ज करायी गयी है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अतिरिक्त विजय कुमार ने पटखौली थाना में चारों शिक्षकों पर एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया था।
बता दें कि दो दिन पहले ही बिहार के मुजफ्फरनगर में भी एक सरकारी स्कूल के टीचर को गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि स्कूल टीचर ने बच्चों से ये कहा कि ‘किसी को भी मोदी को वोट नहीं देना चाहिए।’ इस मामले की पुष्टि मुजफ्फरपुर एसएसपी राकेश कुमार ने यह कहते हुए की थी कि ‘जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के बाद टीचर पर चुनाव आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है।’




Add comment