
भारी उथलपुथल के दौर से गुजर रही Byju’s कंपनी की मुसीबतें और बढ़ गयी हैं। नेशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल (NCLT) ने Byju’s की पेरेंट कंपनी थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड को 3 नोटिस जारी किए हैं। ये नोटिस ऑपरेशनल क्रेडिटर्स को बकाया भुगतान न करने को लेकर 3 मामलों में जारी किए गए हैं। NCLT की पीठ ने Byju’s को इन नोटिस का जवाब देने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है। साथ ही याचिकाकर्ता को प्रत्युत्तर यानि रिजॉइंडर दाखिल करने के लिए एक और सप्ताह का समय दिया है।
गौरतलब है कि गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रहा एडटेक स्टार्टअप Byju’s, NCLT में कम से कम 7 वेंडर्स के साथ बकाया के भुगतान को लेकर मुकदमेबाजी झेल रहा है। पब्लिशिंग कंपनी मैकग्रा हिल, बीपीओ सर्विस प्रोवाइडर कॉजेंट ई-सर्विसेज और ऑटोमेशन कंट्रोल प्रोडक्ट्स की आपूर्तिकर्ता एजी ऑटोमेशन की ओर से दायर तीनों मामलों में सुनवाई 3 जुलाई को होनी है। याचिकाओं में दावा किया गया है कि Byju’s पर मैकग्रा हिल का 1.43 करोड़ रुपए और कॉजेंट का लगभग 6 करोड़ रुपए बकाया है। Byju’s के निवेशकों ने भी उत्पीड़न करने और कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए NCLT में एक याचिका दाखिल की हुई है।
कुछ दिनों पहले यह भी खबर आई थी कि Byju’s के कर्मचारियों के एक समूह ने एक वकील नियुक्त किया है और Byju’s से अपना बकाया मांगने के लिए NCLT का दरवाजा खटखटाने की योजना बनाई है।




Add comment