
इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने की सोच रहे लगभग हर छात्र का सपना होता है आईआईटी में दाखिले का। उसे पता होता है कि जेईई मेन और जेईई एडवांस्ड के ज़रिये ही वह अपने इस सपने को धरातल पर उतार सकता है। लिहाजा 12वीं पास करने के बहुत पहले से ही वे इन परीक्षाओं की तैयारी में लग जाते हैं। उनका मकसद होता है कि किसी तरह जेईई मेन और जेईई एडवांस्ड परीक्षा पास की जाए और आईआईटी में दाखिला मिल जाए। लेकिन इन सब तैयारियों के बावजूद अक्सर उनका सपना पूरा नहीं हो पाता। लेकिन अब इसे लेकर चिंता करने की बात नहीं है। कारण, अगर कोई छात्र आईआईटी में पढ़ाई करना चाह रहा है तो उसे जरुरी नहीं कि आईआईटी में दाखिले के लिए उसे जेईई मेन और जेईई एडवांस्ड परीक्षा पास करनी पड़े। जी हां, आईआईटी में ऐसा कोर्स भी है, जिसमें एडमिशन के लिए जेईई मेन और जेईई एडवांस्ड की जरूरत नहीं होती।
दरअसल, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (IIT Madars) इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम प्रोग्राम में बैचलर ऑफ साइंस (बीएस) डिग्री ऑफर करता है, और इसके लिए जेईई मेन या जेईई एडवांस स्कोर की आवश्यकता नहीं होती है। इस कोर्स में आप अपने अनुसार फाउंडेशनल लेवल सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री ले सकते हैं। बीएस डिग्री कोर्स की अवधि चार साल की है, जबकि फाउंडेशन लेवल सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स 1-3 साल के भीतर पूरा किया जा सकता है।
इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम प्रोग्राम का लक्ष्य भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स और विनिर्माण क्षेत्र में स्किल ग्रेजुएट तैयार करना है। यह भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और डिजाइन के लिए एक विश्वव्यापी केंद्र में बदलने के लिए भारत सेमीकंडक्टर मिशन के उद्देश्य से जुड़ा है।
आईआईटी के इस ऑनलाइन बीएस प्रोग्राम के लिए साइंस पृष्ठभूमि वाले सभी 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों के पास हायर सेकेंडरी में फिजिक्स और मैथ्स विषय होना चाहिए। इस कोर्स के प्रत्येक लेवल पर फीस स्ट्रक्चर भिन्न होती है। संपूर्ण बीएस कोर्स के लिए फीस 5,84,000 रुपये है, जबकि डिग्री लेवल पर उम्मीदवारों को 3,36,000 रुपये का भुगतान करना होगा।
इस कोर्स के लिए फिलहाल आवेदन प्रक्रिया जारी है। पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 26 मई, 2024 है। प्रवेश परीक्षा 7 जुलाई को निर्धारित है।




Add comment