Edinbox Hindi
griffith-university-australia-scholarship-2027-indian-students-50-percent-tuition-fee-waiver

Australia Scholarship 2027: भारतीय छात्रों को Griffith University दे रही 50% तक ट्यूशन फीस में छूट, जानें पात्रता और आवेदन प्रक्रिया

griffith-university-australia-scholarship-2027-indian-students-50-percent-tuition-fee-waiver

Australia Study Scholarship 2027: ऑस्ट्रेलिया में उच्च शिक्षा हासिल करने का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों के लिए एक अच्छी खबर है। बढ़ती विदेशी शिक्षा लागत के बीच ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी (Griffith University) ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए Vice Chancellor’s International Scholarship की घोषणा की है। इस स्कॉलरशिप के तहत पात्र छात्रों को उनकी पूरी डिग्री अवधि के दौरान ट्यूशन फीस में 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी।

यह स्कॉलरशिप उन छात्रों के लिए उपलब्ध है जो वर्ष 2026 या 2027 में ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी में फुल-टाइम अंडरग्रेजुएट या पोस्टग्रेजुएट कोर्स में प्रवेश लेने की योजना बना रहे हैं। यूनिवर्सिटी का उद्देश्य मेधावी अंतरराष्ट्रीय छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है, ताकि वे वित्तीय दबाव के बिना विश्वस्तरीय शिक्षा प्राप्त कर सकें।

भारतीय छात्रों के लिए बड़ा अवसर

विदेश में पढ़ाई करने की इच्छा रखने वाले कई छात्रों के लिए सबसे बड़ी चुनौती शिक्षा पर आने वाला खर्च होता है। ऐसे में यह स्कॉलरशिप भारतीय छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है। चयनित छात्रों को पूरी पढ़ाई के दौरान ट्यूशन फीस में आधी तक छूट मिलेगी, जिससे ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई का कुल खर्च काफी कम हो सकता है।

हालांकि स्कॉलरशिप का लाभ जारी रखने के लिए छात्रों को यूनिवर्सिटी द्वारा निर्धारित सभी शर्तों और शैक्षणिक मानकों का पालन करना होगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

Vice Chancellor’s International Scholarship के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का भारतीय नागरिक होना आवश्यक है। इसके साथ ही छात्र के पास ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी के किसी पात्र अंडरग्रेजुएट या पोस्टग्रेजुएट कार्यक्रम का ऑफर लेटर होना चाहिए।

यूनिवर्सिटी के अनुसार आवेदकों का शैक्षणिक रिकॉर्ड मजबूत होना चाहिए। इसके लिए न्यूनतम 6.0 GPA या उसके समकक्ष अंक आवश्यक हैं। साथ ही जिस कोर्स में प्रवेश लेना है, उसके लिए निर्धारित सभी शैक्षणिक और अंग्रेजी भाषा संबंधी पात्रता शर्तों को पूरा करना भी जरूरी है।

आवेदन प्रक्रिया क्या है?

स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने से पहले छात्रों को ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी के अपने पसंदीदा कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन करना होगा। यदि छात्र को यूनिवर्सिटी की ओर से ऑफर लेटर प्राप्त हो जाता है, तो वह निर्धारित समय सीमा के भीतर स्कॉलरशिप के लिए अलग से आवेदन कर सकता है।

आवेदन के दौरान छात्रों को अपने शैक्षणिक दस्तावेज, अंकपत्र और एक पर्सनल स्टेटमेंट जमा करना होगा। इसके बाद यूनिवर्सिटी की चयन समिति सभी आवेदनों की समीक्षा करेगी और पात्र उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

महत्वपूर्ण तारीखों पर रखें नजर

ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी विभिन्न ट्राइमेस्टर के अनुसार आवेदन स्वीकार कर रही है। नवंबर 2026 इनटेक यानी ट्राइमेस्टर-3 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इस चरण के लिए चयन परिणाम 28 अगस्त 2026 तक जारी किए जाएंगे।

वहीं मार्च 2027 इनटेक यानी ट्राइमेस्टर-1 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 28 नवंबर 2026 तय की गई है। ऐसे में जो छात्र अगले वर्ष ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई की योजना बना रहे हैं, उन्हें समय रहते यूनिवर्सिटी में प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।

विदेश में पढ़ाई का खर्च कम करने का मौका

ऑस्ट्रेलिया भारतीय छात्रों के बीच सबसे लोकप्रिय अध्ययन स्थलों में शामिल है। यहां की विश्वविद्यालयें वैश्विक रैंकिंग, शोध सुविधाओं और रोजगार अवसरों के लिए जानी जाती हैं। ऐसे में ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी की यह स्कॉलरशिप उन छात्रों के लिए राहत लेकर आई है जो आर्थिक कारणों से विदेश में पढ़ाई को लेकर चिंतित रहते हैं।

योग्य छात्र पहले यूनिवर्सिटी में प्रवेश के लिए आवेदन करें और ऑफर लेटर मिलने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर स्कॉलरशिप आवेदन जमा करें। समय पर आवेदन करने से इस वित्तीय सहायता का लाभ उठाने की संभावना बढ़ सकती है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed