
अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य से 23 वर्षीय एक भारतीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने उसे ढूंढने के लिए लोगों की मदद मांगी है। बताया गया है कि छात्रा पिछले हफ्ते से ही लापता है। पुलिस के मुताबिक, नितिशा कंडुला अमेरिका के कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी सैन बर्नार्डिनो (सीएसयूएसबी) की छात्रा है।
गौरतलब है कि पिछले काफी समय से भारतीय विद्यार्थियों को लेकर इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। यहां लगातार भारतीयों को निशाना बनाया जा रहा है। अमेरिका में भारतीयों छात्रों का गायब होना या उन पर हमला होना आम बात हो गई है। अब कैलिफोर्निया में 23 साल की एक भारतीय छात्रा लापता हो गई है।
पुलिस के अनुसार, नितिशा कंडुला 28 मई से लापता हैं। सीएसयूएसबी के पुलिस प्रमुख जॉन गुटेरेज ने रविवार को एक्स पर कहा कि उसे आखिरी बार लॉस एंजिलिस में देखा गया था और उसके लापता होने की खबर 30 मई को मिली थी। छात्रा की खोज के लिए पुलिस ने एक नंबर (909) 537-5165 भी जारी किया है। कहा गया है कि अगर किसी को नितिशा के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है तो इस नंबर पर फोन करके बताएं। छात्रा की लंबाई पांच फुट छह इंच और वजन करीब 160 पाउंड और काली आंखें हैं।
पुलिस के बयान के अनुसार, कंडुला शायद कैलिफोर्निया लाइसेंस वाली 2021 टोयोटा कोरोला चला रही थीं। हालांकि कार के रंग का पता नहीं चला है। छात्रा के बारे में जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति से सीएसयूएसबी पुलिस विभाग (909) 538-7777 पर या एलएपीडी के साउथवेस्ट डिवीजन (213) 485-2582 पर संपर्क करने का आग्रह किया जाता है।
बता दें कि इस साल यानी 2024 में अमेरिका में सात भारतीय और भारतीय मूल के छात्रों की मौत हो चुकी है। भारतीय छात्रों पर लगातार हमले की घटनाएं भी सामने आई हैं। इस वजह से वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों में डर का माहौल है।
पिछले माह शिकागो से भी 26 वर्षीय भारतीय छात्र रूपेश चंद्र के लापता होने का मामला सामने आया था। इससे पहले मार्च से लापता 25 वर्षीय भारतीय छात्र मोहम्मद अब्दुल अरफात अमेरिका के क्लीवलैंड में मृत पाया गया था। हैदराबाद का रहने वाला अरफात पिछले साल मई में क्लीवलैंड यूनिवर्सिटी में आईटी में स्नातकोत्तर करने के लिए अमेरिका आया था।
मार्च में 34 वर्षीय प्रशिक्षित शास्त्रीय नृतक अमरनाथ घोष की मिसौरी के सेंट लुइस में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। 5 फरवरी 2024 को भारतीय मूल के छात्र समीर कामथ का शव इंडियाना क्षेत्र में मिला था। समीर कामथ पर्ड्यू विश्वविद्यालय के छात्र थे। दो फरवरी को 41 वर्षीय विवेक तनेजा पर वाशिंगटन में एक रेस्टोरेंट के बाहर जानलेवा हमला किया गया था। जनवरी महीने में भी ओहायो में लिंडनर स्कूल ऑफ बिजनेस के छात्र श्रेयस रेड्डी का शव मिला था। जनवरी के महीने में ही पर्ड्यू विश्वविद्यालय के छात्र नील आचार्य के लापता होने की खबर सामने आई थी। इसके बाद नील की मौत की पुष्टि हो गई थी।




Add comment