Edinbox Hindi

NEET UG 2024 Result: नीट परीक्षा में रिकॉर्ड 67 छात्रों ने हासिल की रैंक-1, कट-ऑफ में भी इजाफा 

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने निर्धारित समय से पहले ही 4 जून को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा 2024 (NEET UG 2004) के परिणाम घोषित कर दिए। 3 जून को इसने फाइनल आंसर-की जारी की थी, जबकि नतीजों की घोषणा 14 जून को करने की बात कही गई थी। बहरहाल, उम्मीद से पहले घोषित नतीजों में इस वर्ष नीट परीक्षा में 67 छात्रों ने टॉप किया है। इन सबने अखिल भारतीय स्तर पर रैंक-1 हासिल की है। इन सभी का पर्सेंटाइल स्कोर 99.997129 है। इनमें 14 छात्राएँ हैं। साथ ही इस वर्ष नीट परीक्षा में क्वालिफाइंग मार्क्स यानी कट-ऑफ में भी इजाफा देखा गया है। पिछले साल अनारक्षित श्रेणी के लिए क्वालिफाइंग मार्क्स की सीमा 720-137 थी, जो इस साल बढ़कर 720-164 हो गई। 

बता दें कि 2023 में एम्स नई दिल्ली में ओपन-श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए केवल 48 सीटें थीं, जबकि इस साल 67 छात्रों ने रैंक-1 प्राप्त की है। पिछले साल संस्थान में कुल 132 सीटें थीं, जिनमें ओपन-पीडब्ल्यूडी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए तीन, जनरल-ईडब्ल्यूएस के लिए 11, ओबीसी के लिए 32, एससी के लिए 18, एसटी के लिए नौ और एससी-पीडब्ल्यूडी और जनरल-ईडब्ल्यूएस पीडब्ल्यूडी के लिए एक-एक सीटें थीं। ओबीसी-पीडब्ल्यूडी के लिए दो सीटें निर्धारित थीं।
 
बहरहाल, अनारक्षित ही नहीं इस साल अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए भी नीट यूजी 2024 कट-ऑफ 136-107 से बढ़कर 163-129 हो गई है। इसी तरह, एससी, एसटी और ओबीसी-पीएच उम्मीदवारों के लिए कट ऑफ पिछले साल के 120-107 से बढ़कर इस साल 145-129 हो गई है। सामान्य वर्ग के मेडिकल उम्मीदवारों के लिए एमबीबीएस और बीडीएस के लिए नीट कट-ऑफ 50वीं है, ओबीसी, एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए यह 40वीं है।

एनटीए अखिल भारतीय कॉमन मेरिट सूची में प्राप्त उच्चतम अंकों के आधार पर नीट यूजी पर्सेंटाइल निर्धारित करता है। इस साल, 24,06,079 छात्रों ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था और उनमें से 23,33,297 उपस्थित हुए। प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले मेडिकल उम्मीदवारों की कुल संख्या 13,16,268 है। एनटीए द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, कुल उत्तीर्ण छात्रों में से 5,47,036 पुरुष छात्र हैं, 769222 महिला छात्र हैं और 10 ट्रांसजेंडर छात्र हैं। कुल 56.4 प्रतिशत उम्मीदवारों ने इस साल नीट किपरीक्षा पास की। टॉप रैंक हासिल करने वाले 67 उम्मीदवारों में इस बार राजस्थान से सबसे ज़्यादा 11 छात्र हैं। इसके बाद तमिलनाडु से 8 और महाराष्ट्र से 7 उम्मीदवार हैं। 

गौरतलब है कि इस वर्ष नीट परीक्षा का आयोजन देशभर में 5 मई को पेन पेपर मोड में किया गया था। इसमें 24 लाख विद्यार्थी बैठे थे। नीट के जरिए ही देश के तमाम मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमस, बीएचएमस, बीयूएमस और अन्य विभिन्न अंडर ग्रेजुएट मेडिकल कोर्सेज में दाखिला होता है। इसके अलावा मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (एमएनएस) के लिए भी अभ्यर्थी नीट यूजी परीक्षा के मार्क्स के जरिए आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल सर्विस हॉस्पिटल के बीएससी नर्सिंग कोर्स में एडमिशन लेते हैं। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed