Edinbox Hindi

रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में 4 भारतीय मेडिकल छात्रों की नदी में डूबने से हुई मौत 

रूस में सेंट पीटर्सबर्ग के पास एक नदी में डूबने से चार भारतीय मेडिकल छात्रों की मौत हो गई। भारतीय मिशन ने इसकी पुष्टि की है। मृतकों की पहचान हर्षल अनंतराव देसले, जिशान अश्पक पिंजारी, जिया फिरोज पिंजारी और मलिक गुलामगौस मोहम्मद याकूब के रूप में हुई है। वे यारोस्लाव-द-वाइज नोवगोरोड स्टेट यूनिवर्सिटी में मेडिकल के छात्र थे। हादसा तब हुआ जब वे  वेलिकी नोवगोरोड में वोल्खोव नदी के किनारे टहल रहे थे। चारों मृतक 18-20 वर्ष की आयु के थे। एक अन्य छात्रा निशा भूपेश सोनवाने भी नदी में गिर गई थी, लेकिन उसे बचा लिया गया और उसका इलाज चल रहा है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक जिया, जिशान और हर्षल देसले महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रहने वाले थे। जिया और जिशान भाई-बहन हैं। जलगांव के जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने भी मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि जिशान अपने माता-पिता के साथ वीडियो कॉल पर था, जब वह और तीन अन्य नदी में डूब गए।

विश्वविद्यालय के एक अधिकारी का कहना है कि “छात्र शाम को पढ़ाई के बाद खाली समय में वोल्खोव नदी के किनारे टहल रहे थे। अचानक यह हादसा हो गया। निशा भूपेश बच गईं, वह मेडिकल स्टाफ की देखरेख में हैं।” वहीं रूस में भारतीय दूतावास और सेंट पीटर्सबर्ग में वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के सहयोग से शवों को जल्द से जल्द भारत वापस भेजने के लिए काम कर रहे हैं। भारतीय दूतावास ने अपने बयान में कहा है , “हम शवों को जल्द से जल्द रिश्तेदारों को भेजने के लिए काम कर रहे हैं। जिस छात्र की जान बच गई, उसे उचित उपचार भी दिया जा रहा है।” 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed