Edinbox Hindi

अमेरिका के विश्वविद्यालय क्यों हैं दुनियाभर के छात्रों की पहली पसंद ?

उच्च शिक्षा के लिए दुनियाभर के छात्र हर साल अमेरिका का रुख करते हैं। कहें तो अमेरिकी विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा हेतु बाहर के देशों के छात्रों की पहली पसंद बने हुए हैं। और इन विश्वविद्यालयों का आकर्षण साल दर साल बढ़ता ही जा रहा है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2022-23 के शैक्षणिक सत्र में अमेरिकी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की संख्या 12 फीसदी बढ़कर 1,057,188 तक पहुंच गई थी। यह आंकड़ा अमेरिकी विदेश मंत्रालय से वित्तपोषित ओपन डोर्स रिपोर्ट का है। यह रिपोर्ट अमेरिकी विश्वविद्यालयों में मौजूद विदेशी विद्यार्थियों और स्कॉलरों एवं विदेश में क्रेडिट बेयरिंग कोर्सेंज में अध्ययन करने वाले अमेरिकी विद्यार्थियों की संख्या के सालाना सर्वे पर आधारित है। 

ओपन डोर्स रिपोर्ट के अनुसार, भारत से अमेरिका जाने वाले अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की संख्या में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्ष 2022-23 के शैक्षणिक सत्र में तो इसमें 35 फीसदी की बढ़़ोतरी हुई और इसके परिणामस्वरूप 2022-23 में यह संख्या 268,923 के रिकॉर्ड स्तर तक जा पहुंची। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर क्या वे वजहें हैं जो विदेशी छात्रों, जिनमें भारतीय छात्र भी बड़ी संख्या में शामिल हैं, के लिए  अमेरिकी विश्वविद्यालय पसंदीदा गंतव्य बने हुए हैं? 

1.गुणवत्तापूर्ण शिक्षा या शैक्षणिक उत्कृष्टता
अमेरिका में उच्च शिक्षा की सबसे बड़ी खासियत है इसकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और इसके प्रति संस्थानों की प्रतिबद्धता। यहाँ के शिक्षण संस्थान शैक्षणिक और प्रो़फेशनल, दोनों मोर्चे पर छात्रों को सफलता के पायदान पर ऊँचा उठने के लिए मजबूत ढांचा उपलब्ध कराते हैं। साथ ही अनुंसधान के अद्वितीय अवसर भी मुहैया कराते हैं। यहाँ के संस्थानों में शैक्षिक कार्यक्रमों और पाठ्यक्रमों की विस्तृत शृंखला है, जो विद्यार्थियों को कॅरियर में सफल होने का मजबूत आधार बनती है। नॉर्थ कैरोलिना यूनिवर्सिटी के एक छात्र का कहना है कि यहाँ के शिक्षण संस्थानों के पास अद्भुत संसाधन हैं जो छात्रों को अध्ययन और रोज़गार पाने में काफी मदद करते हैं। यहाँ के ज़्यादातर कॉलेज में हर साल दो कॅरियर मेले लगते हैं। विभाग विशिष्ट कॅरियर मेले भी आयोजित होते हैं जिससे छात्र किसी विशेष नौकरी या उद्योग में काम या इंटर्नशिप तलाशना चाहते हैं तो उनके लिए यह बहुत उपयोगी होता है। यहां प्रोफेसर खासतौर पर पाठ्यक्रम के समापन सत्रों में सैद्धांतिक शिक्षा को व्यावहारिक परियोजनाओं में आजमाने पर जोर देते हैं। ऐसे व्यावहारिक अनुभवों से विद्यार्थी न केवल अनमोल कौशल हासिल करते हैं, बल्कि भविष्य के कॅरियर में उनके अंदर सबसे खास चीज़ समस्या के समाधान की मानसिकता भी पैदा होती है। 

2. लचीला पाठ्यक्रम
अमेरिकी विश्वविद्यालय विभिन्न क्षेत्र और कार्यक्रमों के विकल्प पेश करते जिससे छात्र इनकी ओर आकर्षित होते हैं। अमेरिका में 4,000 के करीब एक्रेडिटेड कॉलेज और विश्वविद्यालय हैं। विद्यार्थियों को अपने संस्थानों, कक्षा के आकार, प्रोफेसरों और अनुसंधान के अवसरों को चुनने की आजादी होती है जिसके चलते वे एक समृद्ध शैक्षिक अनुभव भी हासिल करते हैं। मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी में भी काफी कुछ इसी तरह का चलन है। इससे विद्यार्थियों को कक्षा के बाहर अपनी दूसरी दिलचस्पियों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ कई विषयों के अध्ययन का मौका मिलता है। भारतीय विद्यार्थियों के पास एक वैश्विक नेटवर्क बनाने, नई गतिविधियों को आजमाने और दिलचस्पी वाले दूसरे क्षेत्रों का पता लगाने का अवसर होता है जिन तक हो सकता है उनकी हाई स्कूल में पहुंच नहीं रही हो।

3. कैंपस की विविधता
अमेरिकी कैंपस विद्यार्थी जीवन के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हर तरह की सेवाएं उपलब्ध कराते हैं। एक जीवंत कैंपस, जीवन से भरपूर। यहाँ विद्यार्थियों के बीच आपसी मेलजोल और सामंजस्य को बढ़ावा दिया जाता है। यूडब्लू-मैडिसन कैंपस में दक्षिण एशिया के विद्यार्थियों के लिए एक बेहतरीन सेंटर मौजूद है जो दूसरी अंतरराष्ट्रीय पृष्ठभूमि के लोगों के अलावा, भारतीय विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए प्रासंगिक कार्यक्रमों की मेजबानी करता है। इसके चलते विद्यार्थियों में अंतर-सांस्कृतिक समझ को प्रोत्साहन के अलावा, अपनेपन की भावना और सहभागी अवसरों के विकास को बल मिलता है जो उनके अनुभवों को समृद्ध करता है। यहाँ के परिसरों में विविधता एक सकारात्मक और सहयोगात्मक माहौल को बढ़ावा देती है और पृष्ठभूमि में भिन्नता के बावजूद विद्यार्थियों को मूल्यवान और सशक्त महसूस कराती है। इससे एक ऐसा वातावरण बनता है जहां विद्यार्थी एक-दूसरे से सीखते हैं और उनके बीच सार्थक संवाद होता है।

4. मददगार व्यवस्था
अमेरिकी संस्थानों में आवेदन करते समय लागत, सुरक्षा और दाखिले से जुड़ी जरूरतें विद्यार्थियों और उनके परिवारों की सबसे खास चिंताओं में हुआ करती हैं। लेकिन यहां के संस्थान इन चिंताओं को लेकर गंभीर रहते है और आश्वस्त करते कि कैंपस में मौजूद व्यापक संसाधन और सुविधाओं की मदद से किस तरह से एक अमेरिकी विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की उनके लघु और दीर्घकालिक लक्ष्यों को पूरा करने में मदद कर सकता है। कॉलेज की तलाश हो या आवेदन की प्रक्रिया का दौर, हमेशा विद्यार्थियों और उनके परिजनों की मदद के लिए संस्थान की टीम उपलब्ध रहती है। यूनिवर्सिटी का इंटरनेशनल सेंटर, अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को शैक्षणिक और सांस्कृतिक चुनौतियों से निपटने के लिए संसाधन और सहायता प्रदान करता है। विद्यार्थियों के विविध समुदायों के बीच गर्मजोशी और एकता के साथ आपसी संपर्क और मित्रता से विश्वविद्यालय का अनुभव और भी ज्यादा समृद्ध बनता है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed