
देश के स्कूली छात्रों के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (IIT Madras) ने अपने School Connect Program के अक्टूबर 2026 बैच के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। इस बार खास बात यह है कि कार्यक्रम में पहली बार कक्षा 9वीं के छात्रों को भी शामिल किया गया है। इससे अब कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्र IIT Madras के विशेषज्ञों और अन्य प्रमुख संस्थानों के शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए अलग-अलग विषयों के शुरुआती स्तर के कोर्स कर सकेंगे।
अक्टूबर 2026 बैच के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 है, जबकि कोर्स की शुरुआत 5 अक्टूबर 2026 से होगी। यह 8 सप्ताह का ऑनलाइन कार्यक्रम होगा।
कक्षा 9वीं से ही करियर की दिशा समझने का मौका
IIT Madras के Centre for Outreach and Digital Education (CODE) की ओर से चलाया जा रहा School Connect Program छात्रों को स्कूल की पढ़ाई के साथ अलग-अलग विषयों और करियर क्षेत्रों को समझने का मौका देता है। खास तौर पर कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्रों के लिए इसका उद्देश्य आगे चलकर सही स्ट्रीम चुनने में मदद करना है, जबकि 11वीं और 12वीं के छात्र उच्च शिक्षा और करियर के विकल्पों को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं।
इस कार्यक्रम की एक खास बात यह भी है कि कोर्स अंग्रेजी के साथ हिंदी में भी उपलब्ध हैं, ताकि भाषा सीखने में बाधा न बने। IIT Madras आने वाले समय में इन मॉड्यूल को सात और भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराने पर भी काम कर रहा है।
किन विषयों में कर सकते हैं कोर्स?
School Connect के तहत छात्रों को अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े 17 भविष्य-केंद्रित विषयों में शुरुआती स्तर के कोर्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें डेटा साइंस और AI, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम्स, आर्किटेक्चर एंड डिजाइन, इंजीनियरिंग बायोलॉजिकल सिस्टम्स, मैथ और कंप्यूटिंग, लॉ, एयरोस्पेस, इकोलॉजी, ह्यूमैनिटीज, केमिकल इंजीनियरिंग, इकोनॉमिक्स और फाइनेंस, गेम टेक्नोलॉजी, प्रोडक्ट डिजाइन, मॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल ह्यूमैनिटीज जैसे विषय शामिल हैं।
इन कोर्स का मकसद छात्रों को किसी विषय का विशेषज्ञ बनाना नहीं, बल्कि उन्हें यह समझने का मौका देना है कि किसी क्षेत्र में पढ़ाई और करियर की संभावनाएं क्या हैं। उदाहरण के लिए, Data Science and AI में छात्र डेटा और AI की शुरुआती अवधारणाओं को समझेंगे, जबकि Fundamentals of Aerospace में विमान और अंतरिक्ष से जुड़ी बुनियादी जानकारी दी जाएगी।
इसी तरह Cybersecurity कोर्स में डिजिटल सुरक्षा, पासवर्ड, क्रिप्टोग्राफी, इंटरनेट और साइबर खतरों की बुनियादी समझ दी जाती है। Introduction to Law में संविधान, आपराधिक कानून, कॉन्ट्रैक्ट, टॉर्ट और साइबर लॉ जैसे विषयों की शुरुआती जानकारी दी जाती है। वहीं Humanities Unplugged और Digital Humanities जैसे कोर्स छात्रों को मानविकी और डिजिटल तकनीक के बीच संबंध समझने का अवसर देते हैं।
कैसे होगी पढ़ाई?
School Connect के सभी कोर्स 8 सप्ताह के हैं और ऑनलाइन संचालित होते हैं। इसमें केवल रिकॉर्डेड वीडियो ही नहीं, बल्कि लाइव इंटरैक्टिव सेशन, असाइनमेंट और कंप्यूटर आधारित मूल्यांकन भी शामिल हैं। आम तौर पर हर सप्ताह रिकॉर्डेड लेक्चर उपलब्ध कराए जाते हैं और लाइव सेशन भी आयोजित किया जाता है। असाइनमेंट नियमित अंतराल पर जमा करने होते हैं।
कोर्स की जरूरी शर्तें पूरी करने और मूल्यांकन में सफल होने वाले छात्रों को IIT Madras के Centre for Outreach and Digital Education (CODE) की ओर से आधिकारिक ई-सर्टिफिकेट दिया जाता है।
कौन कर सकता है आवेदन?
यह कार्यक्रम केवल उन छात्रों के लिए है जिनका स्कूल IIT Madras School Connect से पार्टनर है। यानी छात्र सीधे किसी भी स्कूल से व्यक्तिगत रूप से इसमें शामिल नहीं हो सकते। पहले स्कूल का IIT Madras के साथ पार्टनर होना जरूरी है। छात्रों को नामांकन की प्रक्रिया के लिए अपने स्कूल से संपर्क करना होगा।
स्कूल के लिए यह साझेदारी गैर-व्यावसायिक है, लेकिन कोर्स में दाखिला लेने वाले छात्रों से ₹500 का शुल्क लिया जाता है।
देशभर में तेजी से बढ़ रहा है School Connect
IIT Madras के मुताबिक, School Connect Program के साथ अब तक 4,900 से अधिक स्कूल जुड़ चुके हैं, जिनमें भारत के बाहर के 60 से अधिक स्कूल भी शामिल हैं। कार्यक्रम से 1.75 लाख से अधिक छात्र लाभान्वित हो चुके हैं। IIT Madras का लक्ष्य आने वाले वर्षों में इस पहल को देशभर के 25,000 स्कूलों तक पहुंचाना है।
अक्टूबर 2026 बैच के लिए रजिस्ट्रेशन 30 सितंबर तक खुले हैं और कक्षाएं 5 अक्टूबर से शुरू होंगी। इच्छुक छात्रों और अभिभावकों को सबसे पहले अपने स्कूल से यह पता करना चाहिए कि वह IIT Madras School Connect का पार्टनर है या नहीं। इसके बाद उपलब्ध कोर्स और नामांकन की प्रक्रिया की जानकारी ली जा सकती है।




Add comment