Edinbox Hindi

भारतीय वैज्ञानिकों ने खोजा बर्ड फ्लू का टीका, मुर्गी के भ्रूणयुक्त अंडे से जीवित निकाला वायरस

भारतीय वैज्ञानिकों ने बर्ड फ्लू यानी एवियन इन्फ्लुएंजा (एच5एन1) वायरस का टीका खोजने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस वायरस को नियंत्रित करने के लिए केरल में 10 दिन पुराने भ्रूणयुक्त मुर्गी के अंडे से जीवित पकड़ा गया, फिर महाराष्ट्र में इसे निष्क्रिय किया गया और अंत में कर्नाटक की उच्च क्षमता वाली प्रयोगशाला में परीक्षण कर टीका विकसित किया गया। यह खोज इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एवियन इन्फ्लुएंजा अत्यधिक घातक रोगजनकों में से एक है, जो म्यूटेशन के बाद कोरोना वायरस की तरह व्यक्ति से व्यक्ति में फैल सकता है। मनुष्यों में इसकी मृत्यु दर बहुत अधिक है, और अब तक इस वायरस की चपेट में आए 50% से अधिक लोग जान गंवा चुके हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, 1 जनवरी 2003 से 12 दिसंबर 2024 तक 24 देशों में एच5एन1 वायरस के कारण 954 मानव संक्रमण के मामले सामने आए, जिनमें से 464 की मृत्यु हो गई। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के वैज्ञानिक लंबे समय से इस वायरस को नियंत्रित करने पर अध्ययन कर रहे थे और अब एम-आरएनए तकनीक का उपयोग करके टीका विकसित किया गया है। इसके उत्पादन और परीक्षण के लिए आईसीएमआर ने निजी कंपनियों से आवेदन भी मांगे हैं।

शोधकर्ताओं ने पाया कि जब 10 दिन पुराने भ्रूणयुक्त अंडे से 2.3.4.4बी क्लैड वाले इस वायरस को अलग किया गया, तो यह एमडीसीके सेल लाइन में भी फैला हुआ था, जिससे संक्रामक वायरस की उच्च मौजूदगी का संकेत मिला। इसके बाद बीटा प्रोपियोलैक्टोन तकनीक का उपयोग कर वायरस को निष्क्रिय किया गया। यह एक कार्बनिक यौगिक है, जो डीएनए और प्रोटीन के साथ प्रतिक्रिया करता है। इस टीके की सुरक्षा और प्रभावशीलता को लेकर खरगोशों और मुर्गियों पर अध्ययन जारी है।

आईसीएमआर के अनुसार, भारत में एच5एन1 वायरस पशु और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर जोखिम बना हुआ है। 2021 से 2024 के बीच कई राज्यों में इसका अलग-अलग प्रसार देखा गया है। 2006 से अब तक इस वायरस की वजह से भारत के पोल्ट्री उद्योग को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, अभी तक इंसानों में संक्रमण के मामले सामने नहीं आए हैं, लेकिन पोल्ट्री और पक्षी बाजारों में इंसानों और जानवरों के बीच बार-बार संपर्क ने इस खतरे को और बढ़ा दिया है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed