
देश में हर साल लाखों छात्र डॉक्टर बनने का सपना लेकर तैयारी करते हैं। लेकिन MBBS, BDS, नर्सिंग या MD जैसे मेडिकल कोर्स की ऊंची फीस कई परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है। सरकारी कॉलेजों में सीटें सीमित हैं और निजी संस्थानों की फीस लाखों में पहुंच जाती है। ऐसे में स्कॉलरशिप योजनाएं जरूरतमंद और मेधावी छात्रों के लिए बड़ी राहत साबित होती हैं।
भारत में मेडिकल छात्रों के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के अलावा बैंक, निजी कंपनियां और ट्रस्ट भी आर्थिक सहायता देते हैं। यहां हम कुछ प्रमुख और भरोसेमंद स्कॉलरशिप की जानकारी दे रहे हैं, जिनके जरिए मेडिकल पढ़ाई का खर्च कम किया जा सकता है।
स्वामी विवेकानंद मेरिट-कम-मीन्स स्कॉलरशिप
यह स्कॉलरशिप आर्थिक रूप से कमजोर अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों के लिए है। इसमें सालाना 12 हजार से 60 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है। आवेदन प्रक्रिया आमतौर पर सितंबर से नवंबर के बीच ऑनलाइन होती है। चयन में परिवार की आय और शैक्षणिक प्रदर्शन दोनों को ध्यान में रखा जाता है।
HDFC बैंक एजुकेशनल क्राइसिस स्कॉलरशिप
अगर किसी छात्र के परिवार में अचानक आर्थिक संकट आ गया हो और पढ़ाई छूटने का खतरा हो, तो यह स्कॉलरशिप मददगार है। मेडिकल समेत कई प्रोफेशनल कोर्स के छात्रों को 10 हजार से 25 हजार रुपये तक की सहायता दी जाती है। आवेदन HDFC बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या तय पोर्टल के जरिए किया जाता है।
NEST सीनियर स्कॉलरशिप
MBBS और अन्य मेडिकल कोर्स के छात्रों में यह स्कॉलरशिप लोकप्रिय है। इसमें ट्यूशन फीस के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है। चयन शैक्षणिक योग्यता के आधार पर होता है।
वहानी स्कॉलरशिप
यह स्कॉलरशिप आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए है। इसमें ट्यूशन फीस के साथ-साथ रहने का खर्च भी कवर किया जा सकता है। सीटें सीमित होती हैं, इसलिए आवेदन समय पर करना जरूरी है। चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू और अकादमिक रिकॉर्ड दोनों देखे जाते हैं।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मेडिकल स्कॉलरशिप
राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं जैसे NEET देने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के छात्रों के लिए यह स्कॉलरशिप उपयोगी मानी जाती है। इसमें करीब 20 हजार रुपये तक की सहायता दी जाती है। आवेदन के लिए शैक्षणिक दस्तावेज और आय प्रमाण पत्र जरूरी होता है।
लॉरियल इंडिया फॉर यंग वुमन इन साइंस
यह स्कॉलरशिप खासतौर पर विज्ञान क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छुक छात्राओं के लिए है। 12वीं में अच्छे अंक लाने वाली और मेडिकल या साइंस में ग्रेजुएशन करने की इच्छुक लड़कियों को 2.5 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है। आवेदन ऑनलाइन होता है और चयन मेरिट के आधार पर किया जाता है।
आवेदन करते समय रखें इन बातों का ध्यान
स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें, जैसे आय प्रमाण पत्र, मार्कशीट, एडमिशन लेटर और बैंक डिटेल। परिवार की आय सही और प्रमाणित होनी चाहिए। आखिरी तारीख का इंतजार न करें और केवल आधिकारिक वेबसाइट या मान्यता प्राप्त पोर्टल से ही आवेदन करें।
सही जानकारी ही दिलाएगी मदद
मेडिकल पढ़ाई महंगी जरूर है, लेकिन सही समय पर सही जानकारी मिल जाए तो आर्थिक बोझ कम किया जा सकता है। कई छात्र सिर्फ जानकारी के अभाव में स्कॉलरशिप के मौके खो देते हैं। इसलिए जरूरी है कि छात्र और अभिभावक समय-समय पर सरकारी पोर्टल और संस्थानों की वेबसाइट चेक करते रहें।
डॉक्टर बनने का सपना केवल पैसों की वजह से अधूरा न रहे, इसके लिए देश में कई विकल्प मौजूद हैं। जरूरत है जागरूकता और सही तैयारी की।




Add comment