
राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (National Institute of Fashion Technology), जिसे निफ्ट (NIFT) के नाम से भी जाना जाता है, भारत का अग्रणी फैशन शिक्षा संस्थान है। यदि आप फैशन डिजाइनिंग, टेक्सटाइल डिजाइनिंग, फैशन मैनेजमेंट या संबंधित क्षेत्रों में करियर बनाना चाहते हैं, तो निफ्ट एंट्रेंस एग्जाम आपके लिए एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
एनआईएफटी 2025 एंट्रेंस एग्जाम का आयोजन 9 फरवरी को किया जाना है। यह परीक्षा भारत के प्रमुख शहरों में आयोजित की जाती है। निफ्ट 2025 एंट्रेंस एग्जाम के जरिए छात्रों को निफ्ट के अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट कोर्सों में दाखिला मिलता है। यह परीक्षा बैचलर ऑफ डिज़ाइन (BDes) और बैचलर ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (BFTech) जैसे प्रोग्रामों में प्रवेश के लिए आयोजित होती है। एनआईएफटी 2025 प्रवेश परीक्षा आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा किया जाना है। निफ्ट 2025 एंट्रेंस एग्जाम को लेकर छात्र आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.ac.in/NIFT या nift.ac.in के माध्यम से पूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
गौरतलब है कि देशभर में एनआईएफटी के 18 कैंपस हैं, जिनमें दिल्ली, मुंबई, बैंगलोर, चेन्नई, हैदराबाद, और कोलकाता प्रमुख हैं। यह परीक्षा एनआईएफटी के अंडरग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्रामों (रेगुलर, एएलईए, आर्टिसंस ) और पीएचडी प्रोग्रामों में दाखिले के लिए आयोजित की जाती है। एनआईएफटी परीक्षा ऑनलाइन औऱ ऑफलाइन दोनों मोड में आयोजित की जाएगी। एनआईएफटी में जनरल एबिलिटी टेस्ट सीबीटी यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट मोड में होगा, वहीं क्रिएटिव एबिलिटी टेस्ट का आयोजन पेन और पेपर बेस्ड मोड में आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा बाईलिंग्वल यानी हिंदी और इंग्लिश दोनों माध्यम में होगा।
निफ्ट बीडीईएस (रेगुलर, आर्टीशियन) परीक्षा में सिचुएशनल टेस्ट, स्टूडिटो टेस्ट और पर्सनल इंटरव्यू शामिल हैं। जो उम्मीदवार बीएफटेक प्रोग्राम में दाखिला चाहते हैं, उन्हें टेक्निकल एबिलिटी टेस्ट और पर्सनल इंटरव्यू देना होगा।
दरअसल, निफ्ट प्रवेश परीक्षा मुख्य रूप से तीन चरणों में आयोजित की जाती है। पहला चरण लिखित परीक्षा (Written Test) का होता है जिसके तहत क्रिएटिव एबिलिटी टेस्ट (CAT) होता है। यह परीक्षण आपकी रचनात्मकता, कल्पना शक्ति और डिजाइनिंग स्किल्स का आकलन करता है। वहीं जनरल एबिलिटी टेस्ट (GAT) में सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी समझ, मात्रात्मक योग्यता, विश्लेषणात्मक क्षमता और संचार कौशल से संबंधित प्रश्न होते हैं।
दूसरा चरण स्थिति परीक्षण (Situation Test) का है। यह चरण केवल स्नातक डिजाइनिंग प्रोग्राम्स के लिए होता है, जिसमें उम्मीदवार की सामग्री संभालने और 3D मॉडल बनाने की क्षमता का परीक्षण किया जाता है।
तीसरा चरण ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू (Group Discussion & Personal Interview) का है। यह चरण स्नातकोत्तर प्रोग्राम्स के लिए होता है, जिसमें उम्मीदवार की प्रस्तुति कौशल, नेतृत्व क्षमता, समस्या-समाधान क्षमता और सामान्य जागरूकता का मूल्यांकन किया जाता है।
जहाँ तक पात्रता मानदंड की बात की जाए तो स्नातक प्रोग्राम्स (B.Des और B.F.Tech) के लिए उम्मीदवार को 12वीं कक्षा या समकक्ष परीक्षा पास होना चाहिए। B.F.Tech प्रोग्राम्स के लिए विज्ञान विषयों के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है। वहीं स्नातकोत्तर प्रोग्राम्स (M.Des, M.F.M और M.F.Tech) के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए।
महत्वपूर्ण तिथियां की बात करें तो इस प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की शुरुआत हर साल नवंबर या दिसंबर में होती है। आवेदन की अंतिम तिथि जनवरी के मध्य तक होती है और परीक्षा की तिथि फरवरी के महीने में होती है। परिणाम की घोषणा मार्च या अप्रैल में होती है और काउंसलिंग मई और जून में होती है।
निफ्ट से स्नातक करने के बाद, उम्मीदवार फैशन डिजाइनर, टेक्सटाइल डिज़ाइनर, फैशन मार्केटिंग प्रोफेशनल, रिटेल मैनेजर, और फैशन पत्रकार जैसे कई क्षेत्रों में करियर बना सकते हैं। इसके अलावा, फैशन उद्योग में अपना ब्रांड शुरू करने के लिए भी यह एक बेहतरीन अवसर है।
निफ्ट एंट्रेंस एग्जाम फैशन और डिजाइनिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाने की महत्वाकांक्षा रखने वाले छात्रों के लिए एक सुनहरा अवसर है। सही तैयारी, समय प्रबंधन और रचनात्मकता के साथ, आप इस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।




Add comment