Edinbox Hindi
भारत को क्यों चाहिए रणनीतिक डिज़ाइन की नई सोच?

भारत को क्यों चाहिए रणनीतिक डिज़ाइन की नई सोच?

भारत को क्यों चाहिए रणनीतिक डिज़ाइन की नई सोच?

तेजी से बदलती दुनिया में जब कारोबार की चुनौतियां पहले से कहीं अधिक जटिल हो रही हैं और उद्योग अभूतपूर्व रफ्तार से बदल रहे हैं, तब भारत को केवल इंजीनियरों या प्रबंधकों की नहीं, बल्कि रचनात्मक समस्या-समाधान करने वालों, सिस्टम को समग्र रूप से समझने वाले पेशेवरों और रणनीतिक डिज़ाइनरों की जरूरत है। रणनीतिक डिज़ाइन एक बहु-विषयक दृष्टिकोण है, जो पारंपरिक सौंदर्य या दृश्य डिज़ाइन से आगे बढ़कर डिजाइन सिद्धांतों का उपयोग लंबे समय की कारोबारी रणनीतियां बनाने में करता है। एक विषय के रूप में रणनीतिक डिज़ाइन जटिल और व्यापक समस्याओं को हल करने पर केंद्रित है, जिसमें डिजाइन थिंकिंग, मानव-केंद्रित नवाचार और भविष्य की सोच को एक साथ जोड़ा जाता है।

बदलती उद्योग आवश्यकताएं

वैश्विक स्तर पर डिज़ाइन की भूमिका अब केवल सहायक कार्य तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह बिज़नेस इनोवेशन का केंद्र बन चुकी है। विभिन्न उद्योगों में कंपनियां ऐसे डिज़ाइन लीडर्स की तलाश में हैं, जो जटिलताओं को समझ सकें, बड़े स्तर पर लागू होने वाले समाधान तैयार कर सकें और शीर्ष प्रबंधन के फैसलों को दिशा दे सकें। ऊर्जा, फिनटेक, हेल्थकेयर और मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में ऐसे पेशेवरों की मांग बढ़ रही है, जो उपयोगकर्ता की जरूरतों, डिजिटल तकनीकों और व्यावसायिक लक्ष्यों को एक साथ जोड़ सकें। रणनीतिक डिज़ाइनर आज बहु-विषयक टीमों की कड़ी बनते जा रहे हैं और विचार से लेकर उत्पाद या सेवा के लॉन्च तक नवाचार को आगे बढ़ा रहे हैं।

भारत में भी रणनीतिक डिज़ाइन से जुड़ी भूमिकाएं तेजी से उभर रही हैं। कंपनियां अब ऐसे डिज़ाइनरों को प्राथमिकता दे रही हैं, जो बिज़नेस मैट्रिक्स, डिजिटल इकोसिस्टम और दीर्घकालिक मूल्य सृजन को समझते हों। डिज़ाइनर अब केवल दृश्य विशेषज्ञ नहीं रह गए हैं, बल्कि उन्हें नवाचार के साझेदार के रूप में देखा जा रहा है, जो जटिल परिस्थितियों में रास्ता निकाल सकें और कारोबारी नतीजों को आकार दे सकें।

शिक्षा में बदलाव की जरूरत

इन बदलती मांगों को पूरा करने के लिए भारत में डिज़ाइन शिक्षा को भी विकसित होना होगा। पारंपरिक डिज़ाइन संस्थान अपनी शिक्षण पद्धतियों में बदलाव कर रहे हैं, लेकिन अभी और व्यापक सुधार की जरूरत है। छात्रों को रणनीतिक डिज़ाइन की भूमिकाओं के लिए तैयार करने के लिए पाठ्यक्रम में इन बातों को शामिल करना जरूरी है—

उद्यमिता: छात्रों को केवल कंपनियों के लिए डिज़ाइन करना ही नहीं, बल्कि वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए अपने उद्यम खड़े करने के लिए भी सक्षम बनाया जाए।

अंतर-विषयक सहयोग: भविष्य के डिज़ाइन लीडर्स को इंजीनियरों, बिज़नेस विश्लेषकों, मनोवैज्ञानिकों और शहरी योजनाकारों के साथ मिलकर काम करना सीखना होगा।

उद्योग से जुड़ाव: प्रैक्टिकल अनुभव, लाइव प्रोजेक्ट्स, कॉरपोरेट सहयोग और इंडस्ट्री लैब्स के जरिए शिक्षा और व्यावहारिक उपयोग के बीच की दूरी कम की जा सकती है।

अमेरिका का स्टैनफोर्ड डी.स्कूल, फिनलैंड की आल्टो यूनिवर्सिटी और ब्रिटेन का रॉयल कॉलेज ऑफ आर्ट जैसे संस्थान पहले से ही अपने पाठ्यक्रम में रणनीतिक डिज़ाइन को शामिल कर चुके हैं। भारतीय संस्थानों को ऐसे वैश्विक कार्यक्रमों से तुलना करते हुए अपने मानकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाना होगा और वैश्विक सहयोग बढ़ाना होगा।

भविष्य की तैयारी

भविष्य उन्हीं का है जो खुद को बदल सकें, मिलकर काम कर सकें और नवाचार कर सकें। रणनीतिक डिज़ाइन शिक्षा छात्रों को इस तरह तैयार कर सकती है कि वे—

सिस्टम के रूप में सोचें: डिज़ाइन से जुड़े फैसलों का अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण पर पड़ने वाले व्यापक प्रभाव को समझ सकें।

जिम्मेदारी के साथ नवाचार करें: कारोबार के लक्ष्यों और समाज, पर्यावरण, नैतिकता तथा नीतियों के बीच संतुलन बना सकें।

तकनीक को जोड़ें: एआई, डेटा और डिजिटल टूल्स का उपयोग केवल दक्षता बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि उपभोक्ता अनुभव को बेहतर बनाने और मूल्य सृजन के नए रास्ते खोजने के लिए करें।

रणनीतिक डिज़ाइन ‘क्या’ से ज्यादा ‘कैसे’ पर केंद्रित है। यह केवल सौंदर्य नहीं, बल्कि नवाचार है। यह केवल उत्पाद नहीं, बल्कि पूरी प्रक्रिया है। भारत के लिए डिज़ाइन की यह आधुनिक सोच अगली बड़ी छलांग साबित हो सकती है।

एडइनबॉक्स टीम

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed