
आज के डिजिटल युग में सूचनाओं का असीम सैलाब हमारे चारों ओर मौजूद है। हर क्षण नई खबरें मोबाइल या टीवी स्क्रीन पर दिखाई देती हैं। खबरों की दुनिया जितनी रोचक और जोड़ने वाली है, उतनी ही चुनौतीपूर्ण भी बन गई है। इसका कारण यह है कि अक्सर ऐसी नकारात्मक खबरें सामने आती हैं जो हमारे मन को बेचैन कर देती हैं। हैरानी की बात यह है कि भले ही ये खबरें हमें परेशान करें, फिर भी हम इनसे नजरें नहीं हटा पाते, क्योंकि लगता है कि खबरों से अपडेट रहना जरूरी है। सुर्खियों से जुड़े रहना अच्छी बात है, लेकिन सही जानकारी और मानसिक शांति के बीच संतुलन बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।
तनाव का असली कारण
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि खबरें हमें कैसे प्रभावित करती हैं। हमारा दिमाग स्वाभाविक रूप से सुरक्षा पर ध्यान देता है और खतरे के संकेतों पर तुरंत प्रतिक्रिया करता है। लगातार परेशान करने वाली खबरों को देखने या पढ़ने की आदत, जिसे आजकल ‘डूमस्क्रॉलिंग’ कहा जाता है, मानसिक थकान और नकारात्मक सोच को जन्म देती है। ऐसी खबरें हमें निराश, अविश्वासी और तनावग्रस्त बना सकती हैं।
आंख मूंदकर भरोसा न करें
हर खबर पर तुरंत विश्वास करने के बजाय कुछ पल रुकें और खुद से पूछें: क्या यह खबर मुझे तनाव दे रही है? क्या यह मेरी जानकारी के लिए उपयोगी है? अपने मन और शरीर की प्रतिक्रिया को समझें और तय करें कि क्या अभी नकारात्मक समाचार देखना या पढ़ना उचित है।
खबरों के जाल में फंसने से बचें
किसी भी लेख या वीडियो को देखने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचें। जानकारी के स्रोत को देखें और सुनिश्चित करें कि यह प्रमाणिक है। साथ ही यह भी ध्यान दें कि यह खबर आपको कैसा महसूस करा रही है। अगर खबर आपके लिए उपयोगी नहीं है या तनाव का कारण बन सकती है, तो इसे नजरअंदाज करना ही बेहतर होगा।
अगर खुद को रोक न पाएं
यदि आप बार-बार नकारात्मक खबरें देखते रहते हैं और इससे चिड़चिड़ापन, थकान, नींद में कमी जैसी आदतें बढ़ रही हैं, तो यह संकेत हैं कि आपका मानसिक स्वास्थ्य जोखिम में है। ऐसे समय में अपनी पसंदीदा गतिविधियों में समय बिताएं। प्राकृतिक वातावरण में टहलें, बागवानी करें, पेंटिंग या अन्य रचनात्मक गतिविधियों में खुद को व्यस्त रखें। ये उपाय तनाव को कम करने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में मददगार साबित होते हैं।




Add comment