
टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क का विवादों से गहरा नाता रहा है। खासकर, जब से वे X (पुराना नाम ट्विटर) के मालिक बने हैं, तब से X विवादों में ही है। नयी-नयी पॉलिसी की घोषणा के कारण लगातार विवादों में चल रहे एक्स (X) को लेकर अब इंडोनेशिया में विवाद शुरू हो गया है। इंडोनेशिया की सरकार ने एलन मस्क को चेतावनी दी है कि यदि एलन मस्क अपनी एडल्ट पॉलिसी में बदलाव नहीं करते हैं तो एक्स पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले दिनों एक्स की एक नई पॉलिसी की घोषणा हुई है। एलन मस्क ने कुछ दिन पहले ही अपने प्लेटफॉर्म X पर एडल्ट कंटेंट को मंजूरी दी है। एक्स की इसी पॉलिसी को लेकर अब इंडोनेशिया सरकार ने एलन मस्क को चेतावनी दी है। सरकार ने कहा है कि यदि मस्क अपनी एडल्ट पॉलिसी को नहीं बदलेंगे तो एक्स पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसकी जानकारी इंडोनेशिया के संचार और सूचना विज्ञान मंत्री, बुडी एरी सेतियादी ने दी है।
सेतियादी ने एक बयान में कहा है कि इस संबंध में एक्स को एक पत्र भी भेजा गया है, लेकिन कंपनी ने इस पत्र का अभी तक जवाब नहीं दिया है। ऐसे में जल्द ही एक्स पर बैन लगाया जा सकता है। यह पहला मौका नहीं है जब इंडोनेशिया में सरकार की ओर से एलन मस्क को कोई धमकी दी गई है। इससे पहले जब ट्विटर का नाम बदलकर X.com किया गया था उस दौरान इंडोनेशिया में इसे एडल्ट साइट समझकर ब्लॉक कर दिया गया था, हालांकि बाद में अनब्लॉक किया गया।
इंडोनेशिया में इस तरह के कंटेंट को लेकर 2008 में एक कानून बना था और उसी समय से इस पर बैन है। नई पॉलिसी के तहत एक्स के यूजर्स अब अपने प्लेटफॉर्म पर एडल्ट कंटेंट शेयर कर सकते हैं और देख भी सकते हैं। भारत में भी एक्स पर बैन लग सकता है, क्योंकि भारत में पहले से ही ऑनलाइन एडल्ट कंटेंट पर प्रतिबंध है।




Add comment