
अलख पांडे और प्रतीक माहेश्वरी द्वारा स्थापित प्रसिद्ध भारतीय एडटेक प्लेटफॉर्म फिजिक्सवाला (PhysicsWallah) न सिर्फ लगातार विकास के नए सोपान तय कर रहा है, बल्कि अपनी मौजूदा सीमाओं से परे भी कुछ सोच रहा है। वह तैयारी कर रहा है शेयर बाजार में उतरने वाला देश का पहला एडटेक प्लेटफार्म बनने की। जी हां, एडटेक स्टार्टअप फिजिक्सवाला अब अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की तैयारी में जुटा है।
बताया जा रहा है कि कंपनी ने अपने इस मकसद के लिए चार इनवेस्टमेंट बैंकरों को सलाहकार के तौर पर नियुक्त भी कर लिया है। कंपनी का इरादा अगले साल 2025 में अपना IPO लाने का है। गौरतलब है कि अभी महीने भर पहले ही फिजिक्सवाला ने एक फंडिंग राउंड पूरा किया है। इस फंडिंग राउंड में कंपनी ने 210 मिलियन डॉलर की प्रभावशाली फंडिंग हासिल की, जिससे यह कंपनी के इतिहास में सबसे बड़ा फंडिंग इवेंट बन गया। इस राउंड का नेतृत्व हॉर्नबिल कैपिटल ने किया था और इसमें लाइटस्पीड वेंचर पार्टनर्स, जीएसवी और वेस्टब्रिज कैपिटल ने भाग लिया था। इस फंडिंग में कंपनी की वैल्यूएशन 2.8 अरब डॉलर (करीब 28,500 करोड़ रुपये) आंकी गई थी। इसने एडटेक यूनिकॉर्न के रूप में इसकी स्थिति को मजबूत किया है।
अब फिजिक्सवाला इससे एक कदम और आगे बढ़ने की तैयारी में है। और वह कदम है शेयर बाज़ार में एंट्री। उसने इसके लिए बाकायदा गंभीरता के साथ शुरुआत भी कर दी है। फिजिक्सवाला ने एक्सिस कैपिटल, कोटक महिंद्रा कैपिटल, गोल्डमैन सैक्स और जेपी मॉर्गन को बतौर सलाहकार चुना है। इनके साथ हाल ही में कंपनी की बैठक हो चुकी है। माना जा रहा है कि कंपनी जरूरत पड़ने पर आगे कुछ और इनवेस्टमेंट बैंकर को भी हायर कर सकती है।
दरअसल, कंपनी का लक्ष्य प्रस्तावित इश्यू के जरिए 40 करोड़ डॉलर से 50 करोड़ डॉलर तक की राशि जुटाने का है। हालांकि अभी तक IPO राशि को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं किया गया है। डील की साइज बाद में बदल भी सकती है। आईपीओ में नए और पुराने दोनों शेयरों की बिक्री हो सकती है। नए शेयरों की बिक्री से मिली राशि का इस्तेमाल कंपनी अपनी ग्रोथ के लिए करेगी। वहीं ऑफर फॉर सेल के जरिए कई निवेशकों को कंपनी से बाहर निकलने या अपनी हिस्सेदारी घटाने का मौका दिया जा सकता है।
इस बीच इंडस्ट्री में ऐसी भी चर्चा है कि कंपनी अपने IPO को 4 से 5 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर लाने की कोशिश करेगी। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। बता दें कि फिजिक्सवाला में निवेश करने वाले प्रमुख निवेशकों में वेस्टब्रिज कैपिटल, GSV वेंचर्स, लाइटस्पीड वेंचर पार्टनर्स और हॉर्नबिल कैपिटल शामिल हैं।
कहने का अभिप्राय कि फिजिक्सवाला अपने IPO की प्रक्रिया को तेजी से बढ़ाना चाहती है और इसके लिए उसने कम से कम 10 इनवेस्टमेंट बैंकरों को आमंत्रित किया है। इनमें से 4 का उसने चुनाव भी कर लिया है। अगर कंपनी की लिस्टिंग योजना सफल होती है, तो फिजिक्सवाला शेयर बाजार में एंट्री करने वाली देश की पहली एडटेक कंपनी बन सकती है।
बता दें कि इस फर्म का नेतृत्व दो सह-संस्थापकों- अलख पांडे और प्रतीक माहेश्वरी करते हैं। इस प्लेटफॉर्म की स्थापना वर्ष 2016 में एक YouTube चैनल के रूप में की गई थी और बाद में वर्ष 2020 में इसे एक कंपनी में शामिल कर लिया गया।




Add comment