
चीन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में खुद को प्रमुख बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। इसके लिए चीन ने एक नई योजना शुरू की है, जिसके तहत स्कूली बच्चों को AI की ट्रेनिंग दी जाएगी। राजधानी बीजिंग से इस योजना की शुरुआत हो रही है, जहां इस साल से बच्चों को AI की शिक्षा दी जाएगी। प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूलों में हर साल कम से कम 8 घंटे AI की क्लास होगी। यहां तक कि छह साल के बच्चे भी चैटबॉट जैसे टूल्स का उपयोग करना सीखेंगे।
स्कूलों में बच्चों को AI के बेसिक सिद्धांत और एथिक्स के बारे में सिखाया जाएगा। बीजिंग म्युनिसिपल एजुकेशन कमीशन ने ऐलान किया है कि स्कूल AI शिक्षा को साइंस और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के सब्जेक्ट्स में शामिल कर सकते हैं, या फिर इसे एक अलग कोर्स के रूप में भी पढ़ा सकते हैं। इसके अलावा, एक लंबा AI कोर्स तैयार करने की योजना भी है, जिससे बच्चों को AI के ज्ञान में दक्ष बनाया जा सके।
चीन सरकार का मानना है कि AI शिक्षा में शुरुआती कदम उठाने से देश को AI इंडस्ट्री में अग्रणी बनने में मदद मिलेगी। पिछले साल दिसंबर में, चीन के शिक्षा मंत्रालय ने 184 स्कूलों को AI पायलट प्रोग्राम के लिए चुना था, जिसे बाद में पूरे देश में फैलाने का लक्ष्य है। शिक्षा मंत्री हुआई जिनपेंग ने AI को देश की शिक्षा प्रणाली की ‘सुनहरी चाबी’ बताते हुए इसके महत्व पर जोर दिया।
इस कदम के पीछे की सोच यह है कि AI शिक्षा से तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिलेगा, और भविष्य में चीन AI के क्षेत्र में नई पीढ़ी के विशेषज्ञों को तैयार करेगा।




Add comment