Edinbox Hindi

ग्लोबल स्तर पर ChatGPT सर्विस डाउन, भारत और अमेरिका में सबसे ज़्यादा असर

ओपनएआई (OpenAI) के लोकप्रिय एआई चैटबॉट ChatGPT की सेवा मंगलवार को वैश्विक स्तर पर बाधित हो गई, जिससे लाखों यूज़र्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। भारत और अमेरिका जैसे देशों में सबसे अधिक व्यवधान की सूचना मिली है।

रियल-टाइम मॉनिटरिंग वेबसाइट डाउनडिटेक्टर (Downdetector) के अनुसार, चैटजीपीटी की समस्याओं की शिकायतें दोपहर 3:00 बजे के आसपास आनी शुरू हुईं। केवल कुछ ही समय में प्लेटफॉर्म पर लगभग 800 शिकायतें दर्ज की गईं।

इन शिकायतों में से 88% यूजर्स ने बताया कि चैटजीपीटी सवालों का जवाब नहीं दे रहा है। 8% यूजर्स ने मोबाइल ऐप में समस्याएं बताईं। 3% यूजर्स को API से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

उपयोगकर्ताओं को बार-बार “कुछ गड़बड़ हो गई है” या “नेटवर्क एरर” जैसे संदेश दिखाई दे रहे थे। कुछ को सुझाव दिया गया कि वे बाद में दोबारा प्रयास करें।

इस बीच, OpenAI ने अपने सिस्टम स्टेटस पेज पर आउटेज की पुष्टि करते हुए बताया कि केवल ChatGPT ही नहीं, बल्कि उसका टेक्स्ट-टू-वीडियो प्लेटफॉर्म Sora भी इस तकनीकी समस्या से प्रभावित हुआ है।

कंपनी की ओर से एक बयान में कहा गया कि “ChatGPT कुछ उपयोगकर्ताओं के लिए एरर दिखा रहा है, और कुछ को जवाब मिलने में देरी हो रही है। हम इस समस्या की जांच कर रहे हैं।”

हालांकि, OpenAI ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि सेवा कब तक सामान्य होगी।

इस अचानक हुई गड़बड़ी से कई यूजर्स, खासकर पेशेवर और छात्र, प्रभावित हुए हैं जो चैटजीपीटी को नियमित कार्यों में इस्तेमाल करते हैं। OpenAI की टेक्निकल टीम फिलहाल स्थिति को सुधारने में लगी हुई है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed