
आज देश में कई ऐसे शिक्षक हैं, जो न सिर्फ अपनी पढ़ाने की शैली के लिए जाने जाते हैं बल्कि बच्चों और युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय भी हैं। आइए जानते हैं पाँच मशहूर शिक्षकों के बारे में—
1. विकास दिव्यकीर्ति
विकास दिव्यकीर्ति एक प्रसिद्ध शिक्षक, लेखक और मोटिवेशनल स्पीकर हैं। वे दृष्टि IAS के संस्थापक और प्रबंध निदेशक हैं और UPSC की तैयारी कर रहे छात्रों को पढ़ाते हैं। उनकी स्पीच और लेक्चर सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते हैं। शांत और सहज तरीके से समझाने के कारण वे छात्रों के बीच काफी पसंद किए जाते हैं।
2. अवध ओझा
अवध ओझा UPSC के छात्रों के बीच अपने अनोखे पढ़ाने के अंदाज के लिए मशहूर हैं। उन्होंने खुद भी UPSC परीक्षा दी थी, लेकिन सफलता न मिलने के बाद उन्होंने दूसरों को पढ़ाना शुरू किया। उनका इतिहास पढ़ाने का तरीका खासा लोकप्रिय है। वे अक्सर अपने बयानों की वजह से सोशल मीडिया पर सुर्खियों में रहते हैं। दिसंबर 2024 में उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) जॉइन की और 2025 में दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पटपड़गंज सीट से उम्मीदवार बने।
3. खान सर
पटना के खान जीएस रिसर्च सेंटर के संस्थापक खान सर अपने देसी अंदाज में पढ़ाने के लिए जाने जाते हैं। पहले वे सेना में जाना चाहते थे, लेकिन चयन न होने पर उन्होंने कोचिंग शुरू की। आज वे भारत के सबसे लोकप्रिय शिक्षकों में से एक हैं, जो सामान्य अध्ययन, करेंट अफेयर्स, भूगोल, विज्ञान और गणित को बेहद सरल भाषा में समझाते हैं।
4. अलख पांडे
अलख पांडे, जिन्हें छात्र फिजिक्स वाला के नाम से पहचानते हैं, ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से JEE और NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं। वे फिजिक्स वाला कंपनी के सह-संस्थापक और सीईओ हैं। अपने छात्रों के बीच वे सिर्फ शिक्षक ही नहीं बल्कि बड़े भाई की तरह माने जाते हैं।
5. आनंद कुमार
गणितज्ञ आनंद कुमार का नाम सुपर 30 कार्यक्रम की वजह से देशभर में जाना जाता है। उन्होंने 2002 में अपने भाई प्रणव कुमार के साथ रामानुजम स्कूल ऑफ मैथमैटिक्स की शुरुआत की और फिर आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए सुपर 30 की स्थापना की। इस पहल में हर साल 30 मेधावी लेकिन गरीब छात्रों को मुफ्त कोचिंग, भोजन और आवास दिया जाता है, ताकि वे IIT जैसी प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश पा सकें।




Add comment