
दुनिया में पहली बार किसी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मंत्री ने संसद में भाषण दिया है। यह एआई मंत्री हैं अल्बानिया की डिएला, जिन्हें माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से अल्बानिया की नेशनल एजेंसी फॉर सोसाइटी ने विकसित किया है। प्रधानमंत्री एदी रामा ने 12 सितंबर को डिएला को सार्वजनिक खरीद मंत्रालय की मंत्री नियुक्त किया। उनका कहना है कि अब से सभी पब्लिक टेंडर प्रक्रियाएँ एआई मंत्री की देखरेख में होंगी, जिससे भ्रष्टाचार पूरी तरह खत्म होगा और हर सार्वजनिक निधि पारदर्शी तरीके से उपयोग होगी।
डिएला का पहला भाषण
अल्बानिया की संसद में अपने पहले भाषण में डिएला ने कहा कि विपक्ष उनकी नियुक्ति को असंवैधानिक बता रहा है और यह आरोप उन्हें आहत करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद इंसानों की जगह लेना नहीं है, बल्कि उनकी मदद करना है।
उन्होंने कहा: “संविधान को नुकसान मशीनों से नहीं, बल्कि सत्ता में बैठे लोगों के अमानवीय फैसलों से होता है। कानून सभी के लिए बिना भेदभाव कर्तव्यों, जिम्मेदारियों और पारदर्शिता की बात करता है। मैं भरोसा दिलाती हूँ कि इन मूल्यों को उतनी ही दृढ़ता से अपनाऊंगी, जितना इंसान अपनाते हैं—या उससे भी अधिक।”
पहचान और स्वरूप
डिएला पारंपरिक अल्बानियाई वेशभूषा में प्रस्तुत हुईं। उनकी आवाज़ और चेहरा अल्बानिया की अभिनेत्री अनिला बिशा से प्रेरित है। उनका नाम डिएला अल्बानियाई भाषा में “सूरज” का प्रतीक है।
क्यों हुई नियुक्ति?
अल्बानिया फिलहाल यूरोपीय संघ में शामिल होने की प्रक्रिया में है, लेकिन भ्रष्टाचार इस राह की सबसे बड़ी बाधा है। इसी कारण डिएला को सरकारी टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए नियुक्त किया गया है।




Add comment