
भारत में शिक्षा का ढांचा तेजी से बदल रहा है और इसका सबसे बड़ा उदाहरण है ऑनलाइन डिग्री की बढ़ती लोकप्रियता। एडुटेक प्लेटफॉर्म Trainings Kart की हालिया रिपोर्ट बताती है कि 2025 में 3.6 बिलियन डॉलर का रहा ऑनलाइन डिग्री बाजार अब करीब 23% की वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) के साथ आगे बढ़ रहा है। यह रफ्तार संकेत देती है कि 2030 तक भारत का ऑनलाइन शिक्षा सेक्टर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है।
ऑनलाइन डिग्री की मांग बढ़ने के पीछे कई अहम वजहें हैं। सबसे बड़ा बदलाव तब आया जब विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने ऑनलाइन डिग्री को रेगुलर डिग्री के बराबर मान्यता दी। इस फैसले ने छात्रों और वर्किंग प्रोफेशनल्स दोनों के लिए रास्ते आसान कर दिए। अब घर बैठे पढ़ाई करना उतना ही प्रभावी माना जा रहा है जितना कॉलेज जाकर पढ़ाई करना। खासकर बेंगलुरु, दिल्ली और मुंबई जैसे मेट्रो शहरों में इसका सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है, जहां पेशेवर बिना नौकरी छोड़े अपनी शिक्षा आगे बढ़ा रहे हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि कुछ कोर्स लगातार शीर्ष पसंद बने हुए हैं। ऑनलाइन MBA नेतृत्व, मैनेजमेंट और बिजनेस रणनीतियों को सीखने की वजह से सबसे अधिक लोकप्रिय है। वहीं आईटी सेक्टर की लगातार बढ़ती जरूरतों के कारण Online MCA और BCA जैसे कोर्स में भारी नामांकन देखा जा रहा है। करियर की शुरुआत कर रहे युवाओं के लिए Online BBA भी एक मजबूत विकल्प बन चुका है, क्योंकि यह उन्हें मार्केटिंग, फाइनेंस और मैनेजमेंट की बुनियादी समझ देता है।
ऑनलाइन डिग्री की लोकप्रियता का एक बड़ा कारण इसकी किफायती प्रकृति है। पारंपरिक कॉलेजों की तुलना में यह काफी सस्ती पड़ती है। इसके साथ ही लचीलापन भी एक बड़ी ताकत है—छात्र अपनी सुविधा के अनुसार रिकॉर्डेड लेक्चर देख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर लाइव क्लास में भी शामिल हो सकते हैं। इस सिस्टम ने छोटे शहरों के छात्रों को भी बड़े संस्थानों से जुड़ने का मौका दिया है, जिससे समान अवसर की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला है।
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) में भी डिजिटल शिक्षा को भविष्य का आधार माना गया है। ऑनलाइन डिग्री न केवल शिक्षा के विस्तार में अहम भूमिका निभा रही है, बल्कि देश को कौशल आधारित और आधुनिक शिक्षा मॉडल की ओर भी ले जा रही है। आने वाले वर्षों में यह प्रवृत्ति भारतीय शिक्षा व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन ला सकती है।




Add comment