
हाल ही में जारी ऑस्कर नॉमिनेशन की लिस्ट में गुनीत मोंगा प्रोड्यूस फिल्म ‘अनुजा’ ने बेस्ट लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म कैटेगिरी में अपने लिए जगह बनाई है। ‘अनुजा’ की टक्कर कई देशों की शॉर्ट फिल्मों से थी। लेकिन आखिकार ऑस्कर अवॉर्ड (97वें एकेडमी अवॉर्ड्स) के नॉमिनेशन में यह फिल्म पांच बेस्ट लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्मों में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही। इसका कारण इसकी कहानी का खास और अलग होना रहा। साथ ही इस फिल्म में जिस लड़की सजदा पठान ने अनुजा की भूमिका निभाई है, उसकी कहानी भी इंस्पायर करने वाली है। ‘अनुजा’ का निर्देशन एडम जे ग्रेव्स और सुचित्रा मट्टई ने किया है।
दरअसल, फिल्म ‘अनुजा’ की कहानी एक नौ साल की बच्ची अनुजा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बहन के साथ शिक्षा और फैक्ट्री में काम करने के बीच एक महत्वपूर्ण निर्णय लेने पर मजबूर होती है। वह दिल्ली में एक कपड़े की फैक्ट्री में काम करती है। वह एक बाल मजदूर है। अनुजा को अचानक स्कूल जाने का मौका मिला है, लेकिन इसके बदले में उसे अपनी जिंदगी से जुड़ा एक अहम फैसला लेना पड़ता है। इस फैसले का असर अनुजा और उसकी बहन के भविष्य से जुड़ा है।
फिल्म सिर्फ बाल मजदूरी, गरीब लोगों के पढ़ाई करने के संघर्ष पर ही बात नहीं करती है। यह फिल्म दो बहनों के रिश्ते, उनके प्यार को भी दिखाती है। कैसे अपनी जिंदगी को बेहतर बनाने का एक फैसला, उनके रिश्ते को परखता है, यह एंगल भी शॉर्ट फिल्म में दिखाया गया है। साथ ही लड़कियों को कैसे हमारे देश में आज भी संघर्ष करना पड़ रहा है, यह बात भी ‘शॉर्ट फिल्म ‘अनुजा’ बताती है।
फिल्म ‘अनुजा’ में सजदा पठान ने बाल मजदूरी करने वाली लड़की का रोल किया है। यह बच्ची असल जिंदगी में भी अनाथ है। सलाम बालक ट्रस्ट में रहने वाली इस लड़की को फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने के लिए चुना गया। सजदा पहले भी एक फिल्म ‘ब्रेड’ में काम कर चुकी है। इस शॉर्ट फिल्म को दिल्ली में शूट किया गया है।
‘अनुजा’ 2024 में रिलीज हुई अमेरिकी शॉर्ट फिल्म है, यह हिंदी भाषा में बनाई गई है। एडम जे. ग्रेव्स ने इसे लिखा और निर्देशित किया है। गुनीत मोंगा, प्रियंका चोपड़ा शॉर्ट फिल्म ‘अनुजा’ से बतौर प्रोड्यूसर जुड़ी हुई हैं, हॉलीवुड एक्ट्रेस मिंडी कलिंग भी बतौर प्रोड्यूसर बाद में इस फिल्म से जुड़ गई थीं। शॉर्ट फिल्म में सजदा पठान, अनन्या शानबाग और नागेश भोंसले ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। इस फिल्म से सलाम बालक ट्रस्ट भी जुड़ा है।
फिल्म की प्रोड्यूस गुनीत मोंगा ऑस्कर नॉमिनेशन में ‘अनुजा’ के फाइनल होने से काफी खुश हैं। वह मानती हैं कि यह फिल्म अपना मैसेज दुनिया भर में फैलाने में कामयाब हुई है। फिल्म ‘अनुजा’ ने कई फिल्म फेस्टिवल्स में भी अवॉर्ड जीते हैं। हॉलीशॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में ‘अनुजा’ ने बेस्ट लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म का अवॉर्ड जीता। वहीं न्यूयॉक शॉर्ट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी यह ग्रैंड प्राइज जीतने में कामयाब रही। माेंटक्लेयर फिल्म फेस्टिलवल में भी ‘अनुजा’ ने ऑडियंस अवॉर्ड अपने नाम किया।




Add comment