
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ, लेकिन सराहना के बजाय यह फिल्म गलत कारणों से सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी है। जैसे ही ट्रेलर सामने आया, #BoycottAamirKhan और #BoycottSitareZameenPar जैसे हैशटैग X (पूर्व में ट्विटर) पर ट्रेंड करने लगे। कई यूजर्स का आरोप है कि आमिर खान देशभक्ति को प्रचार का ज़रिया बना रहे हैं।
दरअसल, आमिर खान प्रोडक्शंस ने हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी को सलाम किया गया। हालांकि, यूजर्स का आरोप है कि आमिर ने यह पोस्ट अपनी फिल्म की मार्केटिंग के लिए की, क्योंकि उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के समय चुप्पी साध रखी थी।
एक यूजर ने नाराज़गी जताते हुए लिखा, “आमिर खान ने ‘सत्यमेव जयते’ जैसा शो किया और आज खुद उन्हीं आदर्शों के खिलाफ जा रहे हैं। अब समय आ गया है कि लोग ‘सितारे ज़मीन पर’ का बहिष्कार करें।”
विवाद को और हवा तब मिली जब आमिर की पुरानी तस्वीर तुर्की की फर्स्ट लेडी एमीन एर्दोगन के साथ दोबारा वायरल हो गई। यह मीटिंग उस समय हुई थी जब तुर्की ने पाकिस्तान का खुला समर्थन किया था।
एक अन्य यूजर ने लिखा, “पहलगाम हमले पर एक शब्द नहीं, लेकिन अब फिल्म प्रमोशन के लिए देशभक्ति दिखा रहे हैं? तुर्की टूरिज़्म का हमने बहिष्कार किया, अब बारी है ‘सितारे ज़मीन पर’ की।”
गौरतलब है कि हाल ही में कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। इसके जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर निशाना साधा। इस सैन्य कार्रवाई के बाद देशभर में राष्ट्रवाद और सुरक्षा को लेकर भावनाएं तीव्र हो गई हैं।
आमिर खान प्रोडक्शन की पोस्ट में लिखा गया था: “ऑपरेशन सिंदूर के नायकों को सलाम। हमारे देश की सुरक्षा के लिए उनके साहस, बहादुरी और अटूट प्रतिबद्धता के लिए हमारे सशस्त्र बलों का आभार। माननीय प्रधानमंत्री को उनके नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के लिए धन्यवाद। जय हिंद।”
हालांकि यह पोस्ट देशभक्ति के रूप में सामने आई, लेकिन सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे रणनीतिक प्रचार के तौर पर देखा। अब देखना होगा कि क्या आमिर खान इस बहिष्कार की आंच से उबर पाएंगे, या फिर यह मामला फिल्म की सफलता पर गहरा असर डालेगा।




Add comment