
पृथ्वी भी तब मंद-मंद मुस्कुरा रही होगी जब उसने नन्हे-मुन्ने बच्चों के मन में अपने लिए इतने श्रद्धा भाव-प्रेम, सद्भावना और संरक्षण की भावना देखी। ये नन्हे-नन्हे बच्चे थे दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल के। दसवीं कक्षा की छात्राएँ मन्नत और कवनप्रीत कौर ने माइक संभालते हुए कार्यक्रम को आरंभ किया। प्रश्नोत्तर शैली में पृथ्वी के संरक्षण के महत्व तथा आवश्यकताओं को बताते हुए निमर ने कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।
प्रदूषण से पृथ्वी की रक्षा करने की आवश्यकता और तरीके बताते हुए हरसिफत कौर, हरसिमरन कौर, इशिका, युवराज, निवेदिता और निमर कौर ने सुंदर शिक्षाप्रद नाटिका प्रस्तुत की। तृतीय कक्षा के रनजीत सिंह ने अपनी कविता के माध्यम से उपस्थित लोगो से कहा कि पृथ्वी हमारा घर है और अपने इस घर ‘पृथ्वी’ को सुंदर और रहने योग्य बनाने के लिए पंचभूत तत्वों (पृथ्वी, जल, वायु, अग्नि और आकाश ) को प्रदूषणरहित बनाना होगा।
जिन अध्यापिकाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए छात्रों का सहयोग किया था उन सभी ने हेड ऑफ स्कूल श्रीमती मनप्रीत कौर के साथ मिलकर छात्रों को प्रेरित किया कि न केवल यह मंचित कार्यक्रम है अपितु इसे हमें अपने जीवन में भी उतारना है और प्रतिपल पृथ्वी को प्रदूषणमुक्त बनाने का प्रयत्न करना है।

Add comment