
यूरोप में हायर एजुकेशन की बात आते ही सबसे पहले ब्रिटेन का नाम लिया जाता है। इसके बाद जर्मनी और फ्रांस जैसे देशों का जिक्र होता है। लेकिन ब्रिटेन के पास ही एक ऐसा देश है, जो अब तेजी से भारतीय छात्रों के बीच अपनी जगह बना रहा है। यह देश है आयरलैंड। मौजूदा समय में यहां सात हजार से अधिक भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं और यह संख्या हर साल बढ़ रही है।
आयरलैंड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां पढ़ाई का माध्यम अंग्रेजी है, जिससे भारतीय छात्रों को भाषा की अतिरिक्त चुनौती नहीं झेलनी पड़ती। हाल के वर्षों में यहां विदेशी छात्रों की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है। एक साल में 40 हजार से ज्यादा इंटरनेशनल स्टूडेंट्स का आना इस बात का संकेत है कि आयरलैंड ग्लोबल एजुकेशन हब के रूप में उभर रहा है। एजुकेशन कंसल्टिंग एजेंसियों के आंकड़े बताते हैं कि भारत से छात्राओं के एडमिशन में भी बड़ी बढ़ोतरी हुई है, जो इस देश को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाती है।
टॉप यूनिवर्सिटीज का मजबूत नेटवर्क
आयरलैंड में हर दस में से एक छात्र विदेशी है। यह आंकड़ा अपने आप में बताता है कि यहां की यूनिवर्सिटीज की क्वालिटी ग्लोबल लेवल की है। ट्रिनिटी कॉलेज डबलिन, यूनिवर्सिटी कॉलेज डबलिन, यूनिवर्सिटी ऑफ गॉलवे, यूनिवर्सिटी कॉलेज कॉर्क और डबलिन सिटी यूनिवर्सिटी जैसे संस्थान इंटरनेशनल रैंकिंग में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं। इन संस्थानों की डिग्री को दुनिया भर में मान्यता मिलती है, जिससे करियर के विकल्प बढ़ जाते हैं।
रिसर्च और इनोवेशन पर खास फोकस
आयरलैंड की यूनिवर्सिटीज रिसर्च और इनोवेशन के लिए जानी जाती हैं। यहां के कई संस्थान दुनिया के टॉप रिसर्च संस्थानों में गिने जाते हैं। सोशल साइंसेज से लेकर नेचुरल साइंसेज, ह्यूमैनिटीज और हेल्थकेयर तक, करीब 19 विषयों में रिसर्च का मजबूत इकोसिस्टम मौजूद है। बैचलर्स और मास्टर्स लेवल के छात्रों को इंडस्ट्री से जुड़ी रिसर्च में काम करने का मौका मिलता है, जो आगे चलकर करियर में बड़ा फायदा देता है।
मल्टीनेशनल कंपनियों के बीच पढ़ाई का मौका
आयरलैंड को अवसरों की धरती भी कहा जाता है। यहां एक हजार से ज्यादा मल्टीनेशनल कंपनियां काम कर रही हैं। दुनिया की बड़ी टेक, फार्मा, मेडिकल डिवाइस, गेमिंग और डायग्नोस्टिक कंपनियों की यूरोपियन या ग्लोबल यूनिट्स आयरलैंड में हैं। इसका सीधा फायदा छात्रों को इंटर्नशिप, प्रोजेक्ट और जॉब के रूप में मिलता है। पढ़ाई के दौरान ही इंडस्ट्री से जुड़ाव करियर को मजबूत बनाता है।
सुरक्षित और खुशहाल देश
भारतीय छात्रों और उनके परिवारों के लिए सेफ्टी एक बड़ा सवाल होता है। इस मामले में आयरलैंड को दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में गिना जाता है। ग्लोबल पीस इंडेक्स में आयरलैंड लगातार टॉप रैंकिंग देशों में शामिल रहा है। इसके अलावा यह दुनिया के सबसे खुशहाल देशों में भी गिना जाता है। यहां का सामाजिक माहौल, कानून व्यवस्था और लोगों का व्यवहार अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए अनुकूल माना जाता है।
पार्ट-टाइम जॉब और पोस्ट-स्टडी वर्क के विकल्प
आयरलैंड में पढ़ाई के दौरान स्टूडेंट्स को पार्ट-टाइम काम करने की अनुमति होती है। सेमेस्टर के समय छात्र हफ्ते में 20 घंटे तक काम कर सकते हैं, जबकि छुट्टियों में यह सीमा 40 घंटे तक हो जाती है। इससे पढ़ाई का खर्च संभालने में मदद मिलती है। डिग्री पूरी करने के बाद पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट का विकल्प भी मिलता है, जिससे छात्र आयरलैंड में रहकर काम का अनुभव हासिल कर सकते हैं।
कुल मिलाकर, क्वालिटी एजुकेशन, सेफ माहौल और बेहतर करियर अवसरों की वजह से आयरलैंड अब भारतीय छात्रों के लिए एक मजबूत और भरोसेमंद हायर एजुकेशन डेस्टिनेशन बनता जा रहा है।




Add comment