
अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया लंबे समय से भारतीय छात्रों की पहली पसंद रहे हैं, लेकिन इन देशों में वीजा नियमों के सख्त होने और इमिग्रेशन पॉलिसी में बदलाव ने हालात बदल दिए हैं। इसी बीच स्टडी अब्रॉड सेक्टर में एक नया ट्रेंड उभर रहा है—न्यूजीलैंड भारतीय छात्रों के लिए तेजी से लोकप्रिय विकल्प बनता जा रहा है।
एजुकेशन न्यूजीलैंड और इमिग्रेशन न्यूजीलैंड के ताज़ा आंकड़े इस बदलाव की पुष्टि करते हैं। 2024-25 के दौरान भारतीय छात्रों के एडमिशन में 34% बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साल 2026 की शुरुआत तक करीब 12,000 भारतीय छात्र न्यूजीलैंड में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। विदेशी छात्रों की कुल संख्या में भारतीय दूसरे सबसे बड़े ग्रुप के रूप में सामने आए हैं, जो कुल अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों का लगभग 14% हिस्सा हैं।
इंजीनियरिंग स्टडी के लिए क्यों पसंद किया जा रहा है न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड अपनी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, सुरक्षित माहौल और इंडस्ट्री-फ्रेंडली कोर्सेज़ के कारण इंजीनियरिंग के छात्रों के लिए आकर्षक विकल्प बन चुका है। यहां की सभी आठ यूनिवर्सिटी दुनिया की शीर्ष 3% संस्थानों में शामिल हैं।
कोर्स स्ट्रक्चर इस तरह तैयार किया जाता है कि छात्र न सिर्फ सैद्धांतिक ज्ञान हासिल करें बल्कि प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और इनोवेशन पर भी मजबूत पकड़ बनाएं। सिविल, सॉफ्टवेयर, मैकेनिकल और केमिकल इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में न्यूजीलैंड की यूनिवर्सिटीज़ काफी मजबूत मानी जाती हैं।
THE रैंकिंग में भी न्यूजीलैंड की यूनिवर्सिटीज़ को मिली पहचान
टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) की हालिया सब्जेक्ट रैंकिंग के अनुसार, न्यूजीलैंड की कई यूनिवर्सिटीज इंजीनियरिंग शिक्षा के लिए टॉप कैटेगरी में शामिल की गई हैं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—
– ऑकलैंड यूनिवर्सिटी
– विक्टोरिया यूनिवर्सिटी ऑफ वेलिंगटन
– वाइकाटो यूनिवर्सिटी
– ओटागो यूनिवर्सिटी
– ऑकलैंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी
– मैसी यूनिवर्सिटी
– यूनिवर्सिटी ऑफ कैंटरबरी
2026 में इंजीनियरिंग के लिए बेहतरीन विकल्प
अगर आप वर्ष 2026 में विदेश जाकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने की तैयारी कर रहे हैं, तो न्यूजीलैंड एक मजबूत विकल्प है। यहां भारतीय समुदाय भी बड़ी संख्या में मौजूद है—करीब 2.70 लाख भारतीय देश में बसे हैं।
न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां स्टूडेंट वीजा आसानी से मिल रहा है। जहां अन्य देशों में वीजा रिजेक्शन लगातार बढ़ रहा है, वहीं न्यूजीलैंड में 2026 के लिए वीजा अप्रूवल रेट लगभग 75.4% दर्ज किया गया है, जो इसे भारतीय छात्रों के लिए और भी आकर्षक बनाता है।
उच्च शिक्षा, सुरक्षित माहौल, बेहतर रोजगार अवसर और तेज़ वीजा प्रोसेस—इन सभी कारणों से न्यूजीलैंड अब भारतीय छात्रों की नई पसंद बन चुका है।




Add comment