Edinbox Hindi
भारतीय छात्राओं के लिए ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ने का बड़ा मौका, पढ़ाई पर मिलेगी 50% फीस छूट

भारतीय छात्राओं के लिए ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ने का बड़ा मौका, पढ़ाई पर मिलेगी 50% फीस छूट

भारतीय छात्राओं के लिए ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ने का बड़ा मौका, पढ़ाई पर मिलेगी 50% फीस छूट

उच्च शिक्षा के लिए ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी (University of Oxford) को दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज में गिना जाता है। हर साल हजारों भारतीय छात्र यहां पढ़ाई का सपना देखते हैं। अब उन छात्राओं के लिए एक बड़ी अवसर सामने आया है, जो विदेश में बिजनेस और लीडरशिप की पढ़ाई करना चाहती हैं। ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी के सैद बिजनेस स्कूल ने महिलाओं के लिए “Executive Diploma Scholarships for Women” की घोषणा की है। इस स्कॉलरशिप के लिए भारतीय छात्राएं भी आवेदन कर सकती हैं।

इस स्कॉलरशिप का उद्देश्य महिलाओं को लीडरशिप और मैनेजमेंट की भूमिकाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। खास बात यह है कि इसके तहत डिप्लोमा कोर्स की 50 प्रतिशत ट्यूशन फीस माफ की जाएगी। सैद बिजनेस स्कूल के एग्जिक्यूटिव डिप्लोमा कोर्स की औसत फीस लगभग 46 लाख रुपये तक होती है। ऐसे में छात्राओं को फीस में लाखों रुपये की राहत मिल सकती है, जिससे वे ब्रिटेन में रहने और अन्य खर्चों को आसानी से मैनेज कर सकेंगी।

स्कॉलरशिप से जुड़ी अहम बातें

इस स्कॉलरशिप के तहत चयनित छात्राओं को ट्यूशन फीस का आधा हिस्सा कवर किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तारीख 29 जून 2026 तय की गई है। जो छात्राएं सैद बिजनेस स्कूल के पात्र डिप्लोमा प्रोग्राम में एडमिशन लेंगी, वे इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर सकती हैं।

इन डिप्लोमा कोर्स में मिलेगा मौका

सैद बिजनेस स्कूल कई लोकप्रिय एग्जिक्यूटिव डिप्लोमा प्रोग्राम ऑफर करता है। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर बिजनेस, फाइनेंशियल स्ट्रैटेजी, ग्लोबल बिजनेस, ऑर्गेनाइजेशनल लीडरशिप और स्ट्रैटेजी एंड इनोवेशन जैसे कोर्स शामिल हैं। ये प्रोग्राम खासतौर पर उन प्रोफेशनल्स के लिए डिजाइन किए गए हैं जो अपने करियर में नेतृत्व की भूमिका निभाना चाहते हैं।

कैसे होगा चयन?

स्कॉलरशिप के लिए चयन केवल अकादमिक प्रदर्शन के आधार पर नहीं होगा। यूनिवर्सिटी आवेदक की प्रोफेशनल उपलब्धियों, लीडरशिप क्षमता और समाज में सकारात्मक योगदान को भी महत्व देगी। आवेदन करने वाली छात्राओं में रोल मॉडल बनने की इच्छा और बिजनेस स्कूल के प्रतिनिधि के तौर पर काम करने की प्रतिबद्धता भी देखी जाएगी।

इसके अलावा आवेदन फॉर्म में दिए गए जवाब, सीवी और अकादमिक ट्रांस्क्रिप्ट के आधार पर भी मूल्यांकन किया जाएगा। आवेदन के दौरान छात्राओं को 500 शब्दों में यह बताना होगा कि उन्होंने अपने प्रोफेशनल जीवन में किस तरह लोगों का मार्गदर्शन किया या अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश की। साथ ही यह भी बताना होगा कि यह डिप्लोमा उनके लीडरशिप करियर को कैसे आगे बढ़ाएगा।

ऐसे करें आवेदन

स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने से पहले छात्राओं को सैद बिजनेस स्कूल के किसी पात्र एग्जिक्यूटिव डिप्लोमा कोर्स में आवेदन करना होगा। इसके बाद एप्लिकेशन फॉर्म में मौजूद स्कॉलरशिप विकल्प को चुनना होगा। फंडिंग सेक्शन में मांगे गए सवालों के जवाब विस्तार से देने होंगे।

विदेश में पढ़ाई का सपना देखने वाली भारतीय छात्राओं के लिए यह स्कॉलरशिप न केवल आर्थिक सहायता का मौका है, बल्कि दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज में से एक में पढ़ने और वैश्विक स्तर पर करियर बनाने का अवसर भी है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed