
टीचिंग के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने वर्ष 2026 के लिए प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाने का अवसर देती है और खास बात यह है कि चयन प्रक्रिया में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी।
NCERT की यह भर्ती मैथ्स, आर्ट एजुकेशन, इकोनॉमिक्स, हिंदी, इतिहास, पॉलिटिकल साइंस, इंग्लिश, उर्दू समेत कई विषयों के लिए निकाली गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 31 जनवरी 2026 से NCERT की आधिकारिक वेबसाइट ncert.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 20 फरवरी 2026 तय की गई है।
भर्ती से जुड़ी अहम जानकारी
इस भर्ती का आयोजन नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग द्वारा किया जा रहा है। विज्ञापन संख्या 177/2026 के तहत कुल 117 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। पदों में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल हैं। चयन शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के आधार पर होगा, यानी उम्मीदवारों को किसी तरह की लिखित परीक्षा में शामिल नहीं होना पड़ेगा।
सैलरी की बात करें तो प्रोफेसर पद के लिए एकेडमिक लेवल-14 के तहत 1,44,200 रुपये प्रति माह, एसोसिएट प्रोफेसर और डिप्टी लाइब्रेरियन के लिए 1,31,400 रुपये प्रति माह, जबकि असिस्टेंट प्रोफेसर और असिस्टेंट लाइब्रेरियन के लिए 57,700 रुपये प्रति माह वेतन निर्धारित किया गया है।
कौन कर सकता है आवेदन
प्रोफेसर पद के लिए संबंधित विषय में पीएचडी डिग्री होना जरूरी है। साथ ही उम्मीदवार के पास यूजीसी सूचीबद्ध या पीयर रिव्यू जर्नल्स में कम से कम 10 रिसर्च पब्लिकेशन और कुल 120 का रिसर्च स्कोर होना चाहिए। इसके अलावा, असिस्टेंट प्रोफेसर या एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में कम से कम 10 वर्षों का शिक्षण अनुभव भी अनिवार्य है।
एसोसिएट प्रोफेसर पद के लिए उम्मीदवार के पास अच्छे अकादमिक रिकॉर्ड के साथ संबंधित विषय में पीएचडी और न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर्स डिग्री होनी चाहिए। साथ ही कम से कम 8 वर्षों का टीचिंग या रिसर्च अनुभव जरूरी है।
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए संबंधित विषय में पीएचडी, 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर्स डिग्री और आवश्यक रिसर्च स्कोर होना अनिवार्य है। यह पद उन युवाओं के लिए बेहतर मौका है, जो शिक्षण और शोध के क्षेत्र में अपना करियर आगे बढ़ाना चाहते हैं।
आवेदन शुल्क और छूट
इस भर्ती में अनारक्षित, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये रखा गया है। वहीं, एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है।
कैसे करें आवेदन
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले NCERT की आधिकारिक वेबसाइट ncert.nic.in पर जाना होगा। होमपेज पर उपलब्ध नोटिफिकेशन सेक्शन में जाकर भर्ती से जुड़ा लिंक चुनना होगा। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी। जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के बाद श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लेना चाहिए।
NCERT की यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जो उच्च शिक्षा के क्षेत्र में स्थायी और सम्मानजनक करियर की तलाश में हैं। इस भर्ती से जुड़ी किसी भी अपडेट या विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार NCERT की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से विजिट कर सकते हैं।




Add comment