
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने यंग प्रोफेशनल प्रोग्राम (YPP) 2026 के तहत 91 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह कार्यक्रम उन युवाओं के लिए है जो लॉ, सिक्योरिटीज मार्केट, रिसर्च, आईटी और राजभाषा जैसे क्षेत्रों में काम का अनुभव हासिल करना चाहते हैं। इच्छुक उम्मीदवार सेबी की आधिकारिक वेबसाइट sebi.gov.in पर जाकर करियर सेक्शन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म विज्ञापन जारी होने की तारीख से 21 दिनों तक उपलब्ध रहेगा।
सेबी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, चयनित यंग प्रोफेशनल्स को हर महीने 70,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा, जो सभी भत्तों सहित होगा। आयकर और अन्य लागू टैक्स की कटौती स्रोत पर ही की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआती अवधि एक वर्ष की होगी, जिसे उम्मीदवार के प्रदर्शन और संगठन की आवश्यकता के आधार पर अधिकतम तीन वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। सभी चयनित उम्मीदवारों की पोस्टिंग सेबी के मुंबई स्थित मुख्यालय में की जाएगी। मुंबई से बाहर के उम्मीदवारों को उपलब्धता के अनुसार साझा आवास की सुविधा भी मिल सकती है।
इस भर्ती अभियान में सबसे अधिक पद सिक्योरिटीज मार्केट ऑपरेशंस के लिए रखे गए हैं। कुल 91 पदों में से 40 पद इस डोमेन के लिए हैं। इसके अलावा लॉ के लिए 13, रिसर्च के लिए 4, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के लिए 29 और राजभाषा के लिए 5 पद शामिल हैं। सेबी ने यह भी स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर पदों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।
योग्यता की बात करें तो हर डोमेन के लिए अलग-अलग शैक्षणिक मानदंड तय किए गए हैं। सिक्योरिटीज मार्केट ऑपरेशंस के लिए फाइनेंस में पोस्ट ग्रेजुएशन या सीए, सीएस, सीएमए, सीएफए जैसी प्रोफेशनल योग्यता जरूरी है। लॉ पदों के लिए एलएलबी डिग्री और संबंधित अनुभव मांगा गया है। रिसर्च के लिए इकोनॉमिक्स, कॉमर्स या फाइनेंस जैसे विषयों में पोस्ट ग्रेजुएशन आवश्यक है। आईटी डोमेन में बीई, बीटेक, एमसीए या कंप्यूटर साइंस से जुड़ी डिग्री होनी चाहिए, जबकि राजभाषा पदों के लिए हिंदी या ट्रांसलेशन में मास्टर्स डिग्री अनिवार्य है। सामान्य तौर पर उम्मीदवारों के पास कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना चाहिए, हालांकि कुछ मामलों में पीएचडी धारकों को अनुभव में छूट दी जा सकती है।
आवेदन करने वाले उम्मीदवार भारतीय नागरिक होने चाहिए और विज्ञापन की तारीख तक उनकी उम्र 30 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में आवेदन की स्क्रीनिंग की जाएगी, जिसमें शैक्षणिक रिकॉर्ड, संस्थान की रैंकिंग, अनुभव, स्टेटमेंट ऑफ पर्पस और प्रोफाइल को देखा जाएगा। इसके बाद शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों का वर्चुअल प्रिलिमिनरी इंटरव्यू होगा और अंतिम चरण में फाइनल वर्चुअल इंटरव्यू लिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान यंग प्रोफेशनल्स को सेबी के विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अवसर मिलेगा। उन्हें बोर्ड की ऑफिस टाइमिंग के अनुसार काम करना होगा और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त समय भी देना पड़ सकता है। साल में 18 दिन की छुट्टी दी जाएगी। कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने पर सेबी की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
नोटिफिकेशन में किसी भी तरह के आवेदन शुल्क का उल्लेख नहीं किया गया है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। सेबी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन फॉर्म भरते समय सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक दें, क्योंकि जमा की गई जानकारी को अंतिम माना जाएगा।
सेबी भारत सरकार के अधीन एक स्वायत्त वैधानिक संस्था है, जिसका उद्देश्य निवेशकों के हितों की रक्षा करना और देश के सिक्योरिटीज मार्केट को मजबूत बनाना है। यंग प्रोफेशनल प्रोग्राम उन युवाओं के लिए एक अहम अवसर माना जा रहा है, जो नियामक संस्था के साथ काम कर व्यावहारिक अनुभव हासिल करना चाहते हैं।




Add comment