
देश के सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख बैंकों में शामिल पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपरेंटिस पदों पर बड़ी भर्ती निकाली है। बैंक ने इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट pnb.bank.in या BFSI सेक्टर की परीक्षा से जुड़ी वेबसाइट bfsissc.com पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 24 फरवरी 2026 तय की गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते फॉर्म भर दें।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 5138 पद भरे जाएंगे। बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री होना अनिवार्य है। डिग्री किसी भी विषय में हो सकती है, लेकिन वह सरकारी संस्थान, AICTE या UGC से मान्यता प्राप्त होनी चाहिए।
उम्मीदवार का रिजल्ट 31 दिसंबर 2025 तक घोषित हो चुका होना चाहिए। चयन प्रक्रिया के दौरान बैंक द्वारा मांगे जाने पर अभ्यर्थी को मार्कशीट और डिग्री या प्रोविजनल सर्टिफिकेट प्रस्तुत करना होगा।
आयु सीमा क्या है?
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2026 को 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। यानी अभ्यर्थी का जन्म 2 जनवरी 1998 से पहले और 1 जनवरी 2006 के बाद नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क
जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के पुरुष उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 944 रुपये है। महिला उम्मीदवारों के लिए यह 708 रुपये निर्धारित किया गया है। एससी, एसटी, PwBD और ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों के लिए शुल्क 236 रुपये है। भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।
ऐसे करें आवेदन
सबसे पहले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और भर्ती से जुड़े लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करें। पंजीकरण के बाद आवेदन पत्र सावधानीपूर्वक भरें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें। अंत में आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें। सबमिशन के बाद पुष्टि पेज डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन से पहले आधिकारिक अधिसूचना ध्यान से पढ़ लें, ताकि पात्रता और अन्य शर्तों को लेकर कोई भ्रम न रहे। बैंकिंग क्षेत्र में प्रवेश के इच्छुक युवाओं के लिए यह भर्ती सुनहरा अवसर हो सकती है।




Add comment